Dhanbad News: धनसार में युवक की हत्या, लोगों का प्रदर्शन, पांच घंटे जाम रखी सड़क

चांदमारी यज्ञशाला ग्राउंड के पीछे मिला शव, सोमवार देर रात से था लापता

धनसार थाना क्षेत्र में एक कैटरिंग मिस्त्री की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गयी. शव चांदमारी यज्ञशाला ग्राउंड के पीछे की झाड़ियों में मंगलवार सुबह मिला. मृतक की पहचान बरमसिया दहुआटांड़ वनकाली मंदिर निवासी स्व. चुनचुन राम के पुत्र जितेश रवानी (22 वर्ष) के रूप में हुई. जितेश की हत्या किसी बड़े पत्थर से सिर कूचकर की गयी थी. सिर से खून बह रहा था. शरीर के कई हिस्सों में भी जख्म थे. शव के पास बाइक जेएच 10डीसी 9369 खड़ी मिली. इस घटना से आक्रोशित लोगों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और बरमसिया फ्लाइओवर के पास सड़क जाम कर दी. बताया जाता है कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन व स्थानीय लोग उसे सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे. लोगों ने टायर जलाकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. इससे करीब पांच घंटे तक यातायात बाधित रहा. धनसार थाना में मृतक के चाचा टुनटुन रवानी की शिकायत पर जितेश के दोस्त दीपक, शक्ति समेत पांच युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इधर, मंगलवार देर शाम धनसार पुलिस ने एक आरोपी शक्ति को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि उक्त युवक जितेश का दोस्त था और घटना के समय मौजूद था. वहीं, घटना के समय मौजूद दूसरा आरोपी दीपक बिहार भाग गया है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने के लिए टीम बनायी गयी है. पुलिस अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि जितेश अपने साथियों के साथ रात में था और इस दौरान किसी तरह का विवाद हुआ था. बाद में पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर दी गयी. जानकारी के अनुसार, सुबह ग्राउंड की ओर गयी महिलाओं की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी. स्थानीय लोगों ने धनसार पुलिस को सूचना दी. पुलिस को मृतक की जेब से स्क्रीन टूटा एक मोबाइल मिला. जांच के दौरान मोबाइल पर कॉल आने पर पुलिस ने फोन रिसीव किया, तो दूसरी ओर मृतक के परिजन थे. सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे.

लोगों का आक्रोश देख कई थानाें की पुलिस बुलानी पड़ी

बरमसिया फ्लाइओवर के पास प्रदर्शन की सूचना मिलने पर धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. स्थिति नियंत्रित करने के लिए धनबाद थाना व आसपास के कई थानों की पुलिस को बुलाया गया. लोग हत्यारों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़े थे. उनका कहना था कि जब तक हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, आंदोलन जारी रहेगा. देर शाम पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिये जाने पर लोगों ने आंदोलन खत्म किया.

रात भर तलाश में जुटे रहे परिजन

मृतक के चाचा टुनटुन रवानी ने पुलिस को बताया कि जितेश कैटरर के यहां मिस्त्री का काम करता था. सोमवार की शाम दोस्तों के साथ बगल के ग्राउंड में बैठे होने की जानकारी देते हुए कुछ देर बाद घर लौटने की बात कही थी. इस दौरान उसे किसी वेद नाम के युवक का फोन आया. इसके बाद वह चांदमारी में जिस कैटरर के यहां काम करता था, वहां चला गया. वहां उसने कैटरर से पैसे लिये और ग्राउंड लौट आया. रात 11 बजे तक उसके साथ बातचीत होती रही. लेकिन रात 12:30 बजे जब कॉल किया तो किसी ने फोन उठाया. फोन से आ रही आवाज से समझ में आया कि कहीं झगड़ा हो रहा है. उसके बाद रात 1:30 बजे उसका मोबाइल बंद हो गया. देर रात तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. इधर, मेयर संजीव सिंह रात में पीड़ित परिवार से मिलकर ढाढ़स बंधाये.

पिता की भी हो चुकी है हत्या

टुनटुन रवानी ने पुलिस को बताया कि जितेश के पिता चुनचुन राम की भी पूर्व में हरिहरपुर थाना क्षेत्र में हत्या हो चुकी है. इसके बाद से जितेश उन्हीं के पास रहता था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

ASHOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >