चिरकुंडा में रेलवे लाइन किनारे युवक का शव मिला, हत्या की चर्चा; पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

निरसा के पंचमुखी मंदिर के पास रेलवे लाइन किनारे युवक का शव मिला. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

चिरकुंडा. थाना क्षेत्र के पंचमुखी मंदिर के समीप रेलवे लाइन किनारे सोनारडंगाल निवासी बिरजू शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा (32) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने के बाद क्षेत्र में राहुल की हत्या कर शव फेंके जाने की चर्चा होने लगी. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. घटनास्थल और आसपास की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटायी जा रही है.

ये भी पढ़ें: IIT-ISM की डॉ शालू केमिकल इंजीनियरिंग जर्नल के एडिटोरियल बोर्ड में शामिल, एनर्जी स्टोरेज और एडवांस्ड मैटेरियल्स पर शोध का मिला सम्मान

पत्नी ने परिजनों पर मारपीट का लगाया आरोप

मृतक की पत्नी ने राहुल के साथ परिजनों द्वारा मारपीट किये जाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि चार दिन पहले ही वह पति के साथ अलग रहने लगी थीं और इसके बाद यह घटना सामने आयी.

वहीं मृतक के पिता बिरजू शर्मा ने बताया कि राहुल शराब का सेवन करता था और घर में अक्सर विवाद होता रहता था. इसी वजह से चार दिन पहले राहुल अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ अलग घर में रहने लगा था. एक बच्चा अभी दादा के साथ रह रहा है.

ट्रक गैरेज में काम करता था राहुल

राहुल शर्मा ट्रक गैरेज में काम करता था और स्थानीय लोगों के अनुसार वह अच्छा मिस्त्री था. शव मिलने की सूचना पर नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, भाजपा कार्यकर्ता रंजीत रवानी समेत काफी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया.

ये भी पढ़ें: धनबाद में वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा, बाइक सवार महिला गिरी; बेटे पर ट्रैफिक जवानों से मारपीट का आरोप

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही राहुल की मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरिंदम चक्रवर्ती

अरिंदम चक्रवर्ती बीते 11 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। वे निरसा क्षेत्र की खबरों की रिपोर्टिंग और संपादकीय समन्वय का दायित्व निभाते हैं। स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्रीय घटनाओं पर तथ्यपरक एवं विश्वसनीय रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >