बरोरा बस्ती स्थित ऊपरटांड़ दास टोला में गुरुवार देर रात 62 वर्षीय विधवा महिला गौरी देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलने पर बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया. पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
रात में घर से बाहर निकलकर उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय पवन दास की पत्नी गौरी देवी गुरुवार रात परिजनों के सो जाने के बाद घर से बाहर निकलीं. बताया जाता है कि उन्होंने गली में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
सुबह परिजनों को हुई घटना की जानकारी
शुक्रवार सुबह परिजनों की नजर महिला पर पड़ी, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गयी. घटना की सूचना स्थानीय मुखिया समेत अन्य लोगों को दी गयी. इसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गयी.
परिवार में पसरा मातम
मृतका के परिवार में दो शादीशुदा बेटे और एक बेटी हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
यूडी केस दर्ज, कारणों की जांच जारी
सूचना मिलने पर बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
