कोयला इंडिया के मुख्यालय कोलकाता में सोमवार को तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान की शुरुआत हुई. इस वर्ष अभियान की थीम ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ रखी गयी है. उद्घाटन समारोह में कोयला इंडिया के चेयरमैन बी साईराम ने कहा कि सतर्कता का उद्देश्य मानव संसाधन की बेहतरी है. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में सत्यनिष्ठा को अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया.
संगठन में पारदर्शिता बढ़ेगी
चेयरमैन ने कहा कि निवारक सतर्कता को प्रभावी बनाने के लिए कनिष्ठ अधिकारियों को भी सतर्कता संबंधी नियमों और प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण देना जरूरी है. इससे संगठन में पारदर्शिता बढ़ेगी और कामकाज में अनियमितताओं की संभावनाओं को समय रहते रोका जा सकेगा.
सीवीओ बोले - नहीं चलेगी अनदेखी
मौके पर कोयला इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी बृजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि कानून की जानकारी नहीं होना कोई बहाना नहीं है. उन्होंने कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए डिजिटल तकनीक के अधिकाधिक इस्तेमाल पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है.
16 नवंबर तक चलेगा अभियान
तीन माह का यह अभियान 16 नवंबर तक चलेगा. अभियान के दौरान लंबित शिकायतों और मामलों के निपटारे, अधिकारियों का क्षमता संवर्द्धन कार्यक्रम, अनुबंध प्रबंधन और डिजिटल पहल पर विशेष बल रहेगा. इस दौरान शुरू होने वाली विभिन्न पहल पर भी अधिकारियों ने चर्चा की. बैठक में कोयला इंडिया की सहायक कंपनियों के मुख्य सतर्कता अधिकारियों ने ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया.
