Dhanbad News : मालगाड़ी की चपेट में आकर अधिवक्ता समेत दो की मौत

Dhanbad News : मालगाड़ी की चपेट में आकर अधिवक्ता समेत दो की मौत

Dhanbad News : पाथरडीह से चासनाला टासरा रेलवे साइडिंग जाने वाली रेल लाइन पर बुधवार की सुबह चासनाला दो नंबर बस्ती के निकट रेलवे फाटक के समीप धनबाद कोर्ट के अधिवक्ता भीम प्रसाद केसरी (65) की मौत एक मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आने से हो गयी. अधिवक्ता का घर घटनास्थल से महज सौ मीटर की दूरी स्थित चासनाला नोनिया बस्ती में है. सूचना पर पाथरडीह जीआरपी थाना के अधिकारी व आरपीएफ ने घटनास्थल पहुंच कर छानबीन की. पाथरडीह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया. बताया जाता है कि बुधवार की सुबह सेल चासनाला कोलियरी की टासरा रेलवे साइडिंग से मालगाड़ी का रैक मिडलिंग पावर कोयला लोड कर जा रहा था, तभी रेलवे फाटक के समीप इंजन नंबर डब्लूएजी 12 बी 60005 की चपेट में वह आ गये, जिससे उनकी मौत हो गयी. उनकी गर्दन दो भागों में बंट गयी थी. बताया जाता है कि सुबह जब पत्नी रीता देवी घर में पूजा कर रही थी, तो वह घर से बाहर निकले थे.उनका बड़ा पुत्र अनिल केसरी हाइकोर्ट रांची में प्रैक्टिस करते हैं, जबकि छोटा पुत्र विकास केसरी दिल्ली के किसी निजी अस्पताल में कार्यरत हैं. एक पुत्री पूजा कुमारी विवाहित है. इस संबंध में पाथरडीह थाना प्रभारी अंशु कुमार ने कहा कि पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है.

रेलवे ट्रैक पर मिला बुजुर्ग का शव

होरलाडीह रेलवे फाटक के समीप पोल नंबर 3521 रेल लाइन पर बुधवार को एक बुजुर्ग का शव मिला. ट्रैक के एक तरफ सर था तो दूसरे ओर धड़ पड़ा था. सूचना पर बोर्रागढ़ ओपी प्रभारी निरंजन कुमार सिंह सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे. शव के पॉकेट से मिले आधार व वोटर कार्ड से मृतक की पहचान होरलाडीह के मो युसूफ (60) के रूप में की गयी. पुलिस के संपर्क किये जाने पर मृतक के तीन पुत्र घटनास्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की. परिजनों ने बताया कि मो युसूफ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. पत्नी की मौत के बाद वह अकारण घूमते रहते थे.संभवत: किसी ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हुई होगी. बोर्रागढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NARAYAN CHANDRA MANDAL

NARAYAN CHANDRA MANDAL is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >