धनबाद जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि चिरकुंडा की दो प्रतिभाशाली बेटियां मंदीप कौर और राजदीप कौर अक्टूबर 2026 में उजबेकिस्तान में आयोजित होने वाले किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. दोनों खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से सिख समाज सहित पूरे धनबाद जिले में खुशी और गर्व का माहौल है.
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, गुरु नानक पुरा, धनबाद की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई. खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और सहयोग में गोमो निवासी सरदार देवेंद्रपाल सिंह उर्फ काले तथा हनी सिंह (सांसद प्रतिनिधि) का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा.
समाज के लोगों ने कहा कि धनबाद की ये दोनों बेटियां अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं, यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है. उनके चयन से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलेगी.
सिख समाज और धनबादवासियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि मंदीप कौर और राजदीप कौर उजबेकिस्तान में शानदार प्रदर्शन कर भारत के साथ-साथ धनबाद का नाम भी रोशन करेंगी.
