Dhanbad News: शहर के चापाकलों का होगा सर्वे, जीओ टैगिंग के साथ होगी नंबरिंग
Copied link
Dhanbad News: नगर निगम की टीम करेगी चापाकलों की स्थिति की जांच
Dhanbad News: मुख्य संवाददाता, धनबाद. गरमी की दस्तक के साथ नगर निगम ने शहर में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है. जलापूर्ति को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं. खराब चापाकल, टैंकर से पानी सप्लाई व सप्लाई पर विशेष पर फोकस किया जा रहा है. पहले चरण में नगर निगम शहर में लगे सभी चापाकलों का सर्वे करा रही है. इसके लिए जलापूर्ति इंस्पेक्टर व कनीय अभियंता के नेतृत्व में टीम गठित की गयी है. 31 मार्च तक सर्वे रिपोर्ट देने का निर्देश टीम को दिया गया है. निगम अधिकारी के मुताबिक सर्वे के दौरान चापाकलों की जीओ टैगिंग की जायेगी और प्रत्येक चापाकल को नंबर भी दिया जायेगा, ताकि उनकी स्थिति और मरम्मत की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा सके.
वार्डवार होगा चापाकलों का सर्वे
नगर निगम की टीम वार्डवार चापाकलों की स्थिति का आकलन करेगी. इसमें यह देखा जायेगा की कौन-सा चापाकल चालू है, कौन-सा खराब है और किन चापाकलों की तत्काल मरम्मत की जरूरत है. जीओ टैगिंग से यह भी पता चल सकेगा की किस इलाके में पानी की समस्या अधिक है.
चापाकल मरम्मत के नाम पर हर साल 20 लाख खर्च
दरअसल, पिछले पांच वर्षों से नगर निगम चापाकलों की मरम्मत के नाम पर हर साल लगभग 20 लाख रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन कई इलाकों में चापाकल खराब पड़े रहने की शिकायतें मिलती रहती हैं. ऐसे में निगम ने अब पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की योजना बनायी है.
जहां पानी की समस्या, वहां टैंकर से आपूर्ति करायेगा निगम
गरमी के दिनों में कई वार्डों में पानी की किल्लत बढ़ जाती है. इसे देखते हुए नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार की है. निगम के पास वर्तमान में 30 पानी के टैंकर उपलब्ध हैं, जिन इलाकों में पानी की अधिक समस्या होगी, वहां टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जायेगी.
अप्रैल के पहले सप्ताह में खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए निकलेगा टेंडर
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सर्वे के बाद शहर में चापाकलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति स्पष्ट हो जायेगी. इसके आधार पर मरम्मत और नयी चापाकल लगाने की योजना भी बनायी जायेगी, ताकि गरमी के मौसम में लोगों को पानी के लिए परेशानी न हो. अप्रैल के पहले सप्ताह में चापाकल मरम्मत का टेंडर निकाला जायेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.