Dhanbad News: झारखंड की दिशा व दशा तय करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम : डॉ रवींद्र राय

भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन. 13 सत्रों में संगठन, बूथ प्रबंधन और सोशल मीडिया पर किया गया मंथन.

भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर की ओर से एक स्थानीय होटल में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन रविवार को हो गया. अभियान के तहत कुल 13 सत्र आयोजित किये गये. इसमें संगठन, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया, पार्टी की विचारधारा और आगामी पंचायत चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गयी. समापन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रवींद्र राय ने अपने संबोधन में आगामी 2027 के पंचायत चुनाव और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया.

झारखंड आज भी विकास से वंचित

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान झारखंड, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था, लेकिन झारखंड आज भी विकास से वंचित है. राज्य की बिगड़ी व्यवस्था को सुधारने की जिम्मेदारी भाजपा कार्यकर्ताओं की है. उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में कानून व्यवस्था बेहतर हुई थी. प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड का समुचित विकास केवल भाजपा ही कर सकती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाने का आह्वान किया.

धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि प्रशिक्षण में शामिल कार्यकर्ताओं ने अनुशासन और सक्रियता के साथ भागीदारी निभायी. सभी को मिलकर गरीबों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम करना होगा. कार्यक्रम को प्रदेश मंत्री सरोज सिंह और प्रशिक्षण प्रभारी भरत यादव ने भी संबोधित किया. अध्यक्षता महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने की. संचालन जिला महामंत्री मानस प्रसून ने व धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री रूपेश सिंह ने किया. समारोह में झरिया विधायक रागिनी सिंह, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह व प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभारी भरत यादव समेत कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे. प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्येंद्र कुमार, राजकुमार अग्रवाल, संजीव बनर्जी, महेश पासवान, प्रियंका पाल, रमा सिन्हा, सतेंद्र मिश्रा, मौसम सिंह, जोगिंदर यादव, प्रिया रंजन, रिंकू सिन्हा, रणजीत बिल्लू, संतोष रवानी, सुनील पासवान, संजय कुशवाहा आदि उपस्थित थे.

सभी समाज व वर्ग के लोगों को बूथ कमेटी में जोड़ना जरूरी : दिलीप वर्मा

दूसरे दिन काे पहला सत्र बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और मन की बात कार्यक्रम पर आधारित रहा. प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि बूथ स्तरीय समिति को मजबूत कर और पन्ना प्रमुखों की सक्रिय भूमिका से चुनाव जीता जाता है. सभी समाज और वर्ग के लोगों को बूथ कमेटी में जोड़ना जरूरी है. दूसरे दलों के लोगों से संपर्क बढ़ाकर पार्टी के पक्ष में मतदान कराने का प्रयास करना चाहिए. दूसरे सत्र में प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी विक्रांत उपाध्याय ने सोशल मीडिया, नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग की जानकारी दी.

एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर केंद्र सरकार कर रही काम : पीएन सिंह

तीसरे सत्र में धनबाद के पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की. कहा कि एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार काम कर रही है. चौथे सत्र में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान पर प्रकाश डाला.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >