धनसार थाना क्षेत्र के दहुआटांड़ वन काली मंदिर के समीप रहने वाले जीतेश कुमार रवानी हत्याकांड में गुरुवार को बड़ा मोड़ आया. इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक कुमार राम ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. इसके बाद धनसार थाना पुलिस ने उसे दो दिनों के रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अब इस सनसनीखेज हत्याकांड की परतें खोलने में जुट गयी है.
गौरतलब है कि गत 11 मई की रात जीतेश कुमार रवानी को चांदमारी स्थित यज्ञ ग्राउंड के पीछे झाड़ियों में ले जाकर पत्थर से कूच कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में मृतक के चाचा टूनटून रवानी के फर्द बयान पर धनसार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.पूर्व में जीतेश ने गाली-गलौज की थी, इसलिए कर दी हत्या
पुलिस सूत्रों के अनुसार लगातार बढ़ते दबाव और छापेमारी के कारण दीपक कुमार राम ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. उसने हत्या की बात स्वीकारते हुए बताया कि कुछ माह पहले जीतेश ने उसके साथ गाली-गलौज की थी. इसी को लेकर उसने साजिश रची और अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. हालांकि पुलिस दीपक की इस कहानी से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आ रही है. पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे केवल पुरानी रंजिश ही वजह नहीं हो सकती. इसी कारण दीपक और उसके सहयोगी शक्ति से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों को शक है कि इस हत्याकांड में और भी लोग शामिल हो सकते हैं.सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वहीं घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस जीतेश के आने-जाने वाले सभी रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना वाली रात दीपक और शक्ति के अलावा कौन-कौन लोग जीतेश के साथ मौजूद थे. पुलिस का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. जल्द ही इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है.
