Dhanbad News: नहाय खाय के साथ शुरू हुआ सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ

नहाय खाय के साथ सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार को शुरू हो गया. पहले दिन व्रतियों ने स्नान कर नेम निष्ठा के साथ भगवान भास्कर की आराधना की और महापर्व को निर्विघ्न पूरा करने का संकल्प लिया.

धनबाद.

नहाय खाय के साथ सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार को शुरू हो गया. पहले दिन व्रतियों ने स्नान कर नेम निष्ठा के साथ भगवान भास्कर की आराधना की और महापर्व को निर्विघ्न पूरा करने का संकल्प लिया. उसके बाद नियम से कद्दू की सब्जी, चने की दाल व अरवा चावल का भात बनाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण किया. व्रती के प्रसाद ग्रहण करने के बाद परिजनों व अन्य लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया. इधर व्रतियों के घर में बच रहे छठ गीतों में वातावरण भक्तिमय हो गया. सभी हाथों हाथ छठी मइया का काम उठा रहे हैं. इसमें परिवारवालों के साथ मुहल्ले वाले भी सहयोग कर रहे हैं. कई जगहों पर घर की छत पर आस्था का घाट सजाया जा रहा है. कई परिवार में महिलाओं के साथ पुरुष भी व्रत कर रहे हैं.

खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का उपवास

महापर्व के दूसरे दिन रविवार को खरना है. इसे लोहंडा भी कहते हैं. इस दिन व्रती सुबह से निर्जल उपवास रख शाम होने से पहले स्नान कर नेम निष्ठा से खीर, रसिया, रोटी, पूड़ी, पीठा बनाकर छठी मइया को अर्पित करेंगी. उसके बाद खरना करेंगी. व्रतियों के खरना करने के बाद प्रसाद वितरित किया जायेगा. खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जायेगा.

27 अक्तूबर को संध्या अर्घ

सोमवार की सुबह से ही परवैतीन के घरों में सूप पर चढ़ाने के लिए ठेकुआ, कचवनिया बनने लगेगा. दोपहर से पहले घाट पर जाने के लिए सूप दऊरा सजाया जायेगा. सोमवार को अस्ताचलगामी भास्कर देव को अर्घ दिया जायेगा.

28 को उदीयमान भास्कर को देंगे अर्घ

मंगलवार को पर्व के अंतिम दिन भोर होने से पहले परवैतीन व श्रद्धालु घाट के लिए निकल जायेंगे. घाट पहुंचकर परवैतीन जल में उतरकर हाथ जोड़ सूर्य देव से दर्शन देने की प्रार्थना करेंगी. लालिमा छाते ही परवैतीन जल में डूबकी लगाकर सूप उठाएंगी. उसके बाद भक्तगण अर्घ देंगे. हवन कर घाट की पूजा होगी. इसके बाद परवैतीन शर्बत पीकर निर्जला उपवास खोलेंगी. पारण के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >