Dhanbad News : निर्माणाधीन बिल्डिंग में संदिग्ध स्थिति में मिला रिटायर बीसीसीएल कर्मी का शव

धनबाद थाना क्षेत्र के नावाडीह में शुक्रवार की देर रात हुई घटना, शुक्रवार की रात गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे इंद्रदेव, समारोह स्थल से कुछ दूर मिला शव, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

धनबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह स्थित मेगा स्मार्ट सिटी परिसर की निर्माणाधीन बिल्डिंग के लिफ्ट शाफ्ट में शनिवार की सुबह रिटायर बीसीसीएलकर्मी इंद्रदेव प्रसाद सिंह (70) का शव संदिग्ध स्थिति में मिला. निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने पहुंचे मजदूरों की नजर शव पर पड़ी. इसके बाद मजदूरों ने इसकी सूचना ठेकेदार को दी. ठेकेदार ने धनबाद थाने की पुलिस को मामले की जानकारी दी. इंद्रदेव प्रसाद नावाडीह स्थित अलकारी देवी अस्पताल के पीछे रहते थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया. शनिवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों के अनुसार मृतक के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान हैं.

गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे इंद्रदेव :

मृतक के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात राॅयल बाजार के पीछे स्थित ओम कंस्ट्रक्शन नामक अपार्टमेंट में एक गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने के लिए इंद्रदेव घर से निकले थे. इसके बाद वह नहीं लौटे. सुबह में परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. इस बीच एक व्यक्ति का शव मिलने की जानकारी दूसरे लोगों से मिली. वहां जाकर देखा, तो इंद्रदेव प्रसाद सिंह का शव था. शव बिल्डिंग के लिफ्ट शाफ्ट में पांच फीट नीचे गिरा हुआ था. वहां पर उनका चश्मा, मोबाइल और 50 रुपये भी पड़े थे.

बेटे ने जतायी हत्या की आशंका :

मृतक इंद्रदेव प्रसाद सिंह के पुत्र श्रवण कुमार ने बताया कि ओम अपार्टमेंट में गृह प्रवेश समारोह था. उनके पिता वहां गए थे और खाना भी खाया. इसके बाद से वह घर नहीं आये. श्रवण ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि गृह प्रवेश के स्थान से कुछ दूर एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में शव मिलना संदेह पैदा करता है. पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है. अबतक मृतक के परिजनों ने पुलिस को कोई आवेदन नहीं दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Narendra kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >