धनबाद पहुंचे शहीद चंद्रशेखर आजाद के पोते, युवाओं को दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

Dhanbad News: शहीद क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के पोते अमित आजाद धनबाद पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ. कल वे निरसा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगें. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट

Dhanbad News: शहीद क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के पोते अमित आजाद धनबाद के हीरापुर स्थित पार्क मार्केट क्षेत्र में आज पहुंचे. इस दौरान वे राजेश बरनवाल के आवास पर रुके, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. उनके आने को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला. 

निरसा में कार्यक्रम में होंगे शामिल

अमित आजाद 7 अप्रैल को निरसा के बैजना स्थित महर्षि दयानंद गुरुकुल में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में भाग लेने धनबाद पहुंचे हैं. इसके साथ ही तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और शहीद क्रांतिकारी मंगल पांडेय को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. 

धनबाद आकर हुई खास खुशी

मीडिया से बातचीत के दौरान अमित आजाद ने कहा कि वे करीब 4 साल बाद धनबाद आए हैं और यहां आकर उन्हें खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि चाहे आज के हालात हों या आजादी से पहले के, देश की जनता की भावना ही हमेशा सर्वोपरि रही है और सरकारें भी उसी के अनुरूप काम करती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि आज भी देश के बलिदानी क्रांतिकारियों को जनता ने अपने दिल में जिंदा रखा है. 

देशभर में 1.60 लाख किमी की यात्रा

अमित आजाद ने अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में उन्होंने देशभर में 1 लाख 60 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी की है. इस दौरान वे महाराष्ट्र से लेकर पश्चिम बंगाल तक घूमे और बच्चों को देश के महान क्रांतिकारियों के बारे में जागरूक किया. उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अलग-अलग नायकों को जानते हैं, लेकिन सभी को हर क्रांतिकारी के योगदान को समझना चाहिए. 

युवाओं को दिया संदेश

उन्होंने युवाओं को खास संदेश देते हुए कहा कि आज के दौर में टेक्नोलॉजी का सही उपयोग करना बेहद जरूरी है. उन्होंने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर देश के इतिहास और क्रांतिकारियों को समझने की अपील की. उन्होंने बताया कि देश को आजादी दिलाने में करीब 7 लाख 23 हजार क्रांतिकारियों ने अपना बलिदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को क्रांतिकारियों से सीख लेने की जरूरत है. उनके लिए देश सबसे ऊपर था और भारत उनकी मां थी. ऐसे में युवाओं को भी राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतारना चाहिए. 

इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश

इसे भी पढ़ें: बदहाल जिंदगी जी रहे शहीद बख्तर साय के वंशज, गढ़पहाड़ को टूरिस्ट प्लेस विकसित करने की मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >