ईरान वॉर के बीच LPG सिलिंडर पर आफत, अब डिलीवरी के 25 दिन बाद ही होगी दूसरी बुकिंग

Dhanbad: ईरान वॉर की वजह से झारखंड के कुछ शहरों में रसोई गैस उपभोक्ता परेशान हैं. वे गैस सिलिंडर जमा करना चाह रहे हैं. ऐसे में गैस कंपनियों ने एक सिस्टम लागू कर दिया है कि डिलिवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलिंडर बुक होगा.

Dhanbad: ईरान वॉर में बढ़ते तनाव और आपूर्ति को लेकर संभावित आशंकाओं के बीच घरेलू एलपीजी की पैनिक बुकिंग रोकने के लिए पेट्रोलियम कंपनियों ने नया प्रावधान लागू किया है. अब उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल के बाद ही एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग कर सकेंगे और डिलीवरी भी इसी अवधि के बाद दी जायेगी. गैस कंपनियों के सिस्टम में यह व्यवस्था लागू कर दी गयी है. 25 दिन के पहले उपभोक्ता बुकिंग करने की कोशिश भी करते हैं, तो सिस्टम उसे स्वीकार नहीं कर रहा है. कंपनियों का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सभी उपभोक्ताओं को गैस की नियमित और संतुलित आपूर्ति सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी उपभोक्ता जरूरत से अधिक सिलिंडर जमा न कर सके.

फिलहार नहीं है घरेलू गैस की कोई कमी

पेट्रोलियम कंपनियों के आंकड़ों के अनुसार 1 फरवरी 2026 तक धनबाद जिले में कुल करीब 6.4 लाख सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं. इनमें सबसे अधिक उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के हैं. धनबाद में आईओसी के करीब 2.90 लाख उपभोक्ता हैं और इसकी 17 एजेंसियां कार्यरत हैं. इसके अलावा भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) की सात और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) की भी सात एजेंसियां जिले में गैस आपूर्ति कर रही हैं. कंपनियों का मानना है कि हाल के अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए कुछ स्थानों पर उपभोक्ताओं में अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की प्रवृत्ति देखी जाती है. एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल धनबाद में गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है. इधर, बीपीसीएल के सेल्स अधिकारी एस जमाल ने कहा कि कंपनी का जो नया गाइड लाइन आया है. उसे एजेंसी को भेज दिया गया है.

रसोई गैस की कीमत 60 रुपये बढ़ी

रसोई गैस की कीमत 60 रुपये बढ़ गयी है. पहले 910 रुपये में रसोई गैस मिलती थी, जो बढ़कर 970 रुपये प्रति सिलिंडर हो गयी है. नयी दर सात मार्च से लागू कर दी गयी है.

धनबाद में रोज 17-18 हजार सिलिंडर की सप्लाई

धनबाद जिले में प्रतिदिन औसतन करीब 17 से 18 हजार घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की जाती है. एजेंसियों के अनुसार कंपनियों की ओर से इस संबंध में अलग से पत्र भले नहीं आया हो, लेकिन बुकिंग सिस्टम में 25 दिनों का प्रावधान लागू कर दिया गया है.

क्या कहते हैं संचालक

महावीर गैस एजेंसी के संचालक देवनारायण महतो ने कहा कि 25 दिन से पहले बुकिंग की एंट्री नहीं हो रही है. इस तरह की शिकायत मिल रही है. फिलहाल गैस सिलिंडर की कोई समस्या नहीं है और स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. उपभोक्ताओं में किसी तरह की पैनिक स्थिति नहीं है और सप्लाई सामान्य रूप से चल रही है. गैस सिलिंडर की ऑन लाइन बुकिंग होती है. कंपनी स्तर से ही ऑन लाइन बुकिंग सिस्टम में 25 दिनों का नया प्रावधान लागू किया गया है.

ये भी पढ़ें…

माफी मांगें गिरिडीह के डीसी, बाबूलाल मरांडी ने जल सहिया के वेतन मामले पर सीएम हेमंत को घेरा

रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट का मामला गरमाया, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >