Dhanbad News: गोविंदपुर थाना अंतर्गत खड़काबाद के पास एनएच-19 पर गुरुवार की सुबह कुंभ यात्रियों से भरी स्कॉर्पियो (डब्ल्यूबी 06पी 7720) एक घर के शेड से टकराने से उसमें सवार आठ लोग घायल हो गये. घायलों में वाहन चालक व एक महिला भी शामिल है. घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआइ की एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा. पुलिस स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है.
चालक को झपकी आने से हुई घटना
बताया जाता है कि पश्चिम बंगाल के वर्दमान के एक दर्जन से अधिक लोग प्रयागराज में कुंभ स्नान कर स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे. इसी क्रम में चालक श्याम प्रसाद को झपकी आने से खड़काबाद के पास स्कॉर्पियो सड़क किनारे दुकान की शेड से टकरा गयी. इससे उसमें सवार सरकारी स्कूल के शिक्षक विप्लव प्रतिहार, रोमा प्रतिहार, दिव्येंदु पाल, तन्मय फ्रंट, पिंकू घोष, बैंककर्मी मुकुल दास, अभिषेक नेगल, चालक श्यामा प्रसाद राय घायल हो गये. इसमें चालक की हालत गंभीर बतायी जा रही है. सभी 16 फरवरी को कुंभ नहाने गये थे. घटना के दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से समीर कुंभकार बाल-बाल बचे. दुकान के समीप ईंट रखा हुआ था, जिससे वाहन टकरा गया. इससे शेड क्षतिग्रस्त हो गया.
बाइक के धक्के से बुजुर्ग दुकानदार घायल, मामला दर्ज
बाघमारा थाना क्षेत्र के माटीगढ़ा मोड़ पर गुरुवार को बाइक के धक्के से बुजुर्ग दुकानदार सत्येंद्र प्रसाद घायल हो गये. उनका एक पैर टूट गया है. निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. इस संबंध में घायल दुकानदार की पुत्री रानी कुमारी ने बाइक (जेएच10 बी 0895) के चालक माटीगढ़ा निवासी अभिषेक रजक के खिलाफ लापरवाही से बाइक चलाने का आरोप लगाते हुए बाघमारा थाना में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने अभिषेक के खिलाफ कांड संख्या 6/25, बीएनएस की धारा 281 एवं 125 के तहत मामला दर्ज करते हुए बाइक जब्त कर ली है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
