Dhanbad News: आरएसपी कॉलेज : 64.23 करोड़ की लागत से बनेगा नया व आधुनिक परिसर

नये परिसर में एकेडमिक, एडमिन ब्लॉक, प्रिंसिपल व स्टाफ क्वार्टर बनेंगे. दो चरणों में होगा निर्माण.

राजा शिव प्रसाद (आरएसपी) कॉलेज अब जल्द ही अपने नये व आधुनिक परिसर में नजर आएगा. नुनूडीह में बनने वाला यह नया कैंपस न सिर्फ भव्य होगा, बल्कि यहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल भी उपलब्ध होगा. करीब 64.23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस परिसर का निर्माण दो चरणों में होगा.

पहले चरण में बनेंगे चार प्रमुख भवन

कॉलेज के नए परिसर के पहले चरण में चार प्रमुख भवनों का निर्माण किया जाएगा. इसमें तीन मंजिला एकेडमिक ब्लॉक होगा. इसके अलावा प्रशासनिक भवन, स्टाफ क्वार्टर और प्रिंसिपल आवास भी बनाये जायेंगे.

अतिक्रमण मुक्त जमीन पर शुरू होगा निर्माण

कॉलेज के लिए बीसीसीएल ने कुल 13.5 एकड़ जमीन उपलब्ध करायी है. हालांकि, इसमें से लगभग पांच एकड़ जमीन पर अतिक्रमण है. ऐसे में पहले चरण का निर्माण आठ एकड़ अतिक्रमण मुक्त जमीन पर होगा. मापी कर इस जमीन को चिह्नित किया गया है.

दूसरे चरण में हॉस्टल की सुविधा

वहीं दूसरे चरण में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल भवन के निर्माण की योजना है. इसके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया जायेगा.

अस्थायी भवन में चल रही है पढ़ाई

फिलहाल आरएसपी कॉलेज बेलगड़िया टाउनशिप के एक स्कूल भवन में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है. यहां यूजी के 14 विषय, एक वोकेशनल कोर्स, एक पीजी कोर्स और बीएड की पढ़ाई हो रही है.

कॉलेज में कुल मिलाकर करीब 2700 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं. इनमें से वोकेशनल कोर्स पहले से ही नुनूडीह परिसर में संचालित हो रहा है, जबकि बाकी कक्षाएं बेलगड़िया में चल रही हैं.

छात्र संख्या में आयी गिरावट, अब नयी उम्मीद

साल 2017 में कॉलेज को झरिया से बेलगड़िया स्थानांतरित किया गया था. यह क्षेत्र शहर से दूर होने के कारण छात्रों की संख्या में लगातार गिरावट देखी गयी. यूजी सत्र 2025-29 के पहले सेमेस्टर में केवल 800 छात्रों ने नामांकन लिया, जबकि पीजी सत्र 2025-27 में यह संख्या करीब 100 रही. कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि नुनूडीह में नए और बेहतर सुविधाओं वाले परिसर के शुरू होने के बाद छात्रों की संख्या में फिर से बढ़ोतरी होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >