ग्राम स्वराज अभियान के बैनर तले सामाजिक व आरटीआई कार्यकर्ता जगत महतो ने शुक्रवार से बाघमारा अंचल कार्यालय में जमीन संबंधी मामलों के निष्पादन की मांग को लेकर सत्याग्रह शुरू किया. उन्होंने अंचलाधिकारी को पत्र देकर जमीन के डिजिटलीकरण, ऑनलाइन रसीद समेत अन्य कार्यों का निष्पादन आवेदन की प्राथमिकता के आधार पर करने की मांग की.
बिचौलियों के बोलबाले का लगाया आरोप
जगत महतो ने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालय में बिचौलियों का बोलबाला है. इसके कारण गरीब रैयत, किसान और मजदूरों के जमीन संबंधी मामले लंबे समय से लंबित हैं. उन्होंने कार्यालय को बिचौलिया मुक्त करने और जमीन संबंधी कार्यों में पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की.
दिव्यांग पति के साथ सत्याग्रह में बैठीं कंचन देवी
सत्याग्रह में सोनारडीह मौजा की कंचन देवी अपने दिव्यांग पति के साथ जमीन की रसीद कटाने की मांग को लेकर बैठीं. वहीं खोनाठी मौजा के कमल महतो समेत कई ग्रामीणों ने भी जमीन संबंधी मामले वर्षों से लंबित रहने की बात कही. तिलातांड़ के मुकेश सिंह व बिरू भुईयां के परिजनों, जोगीडीह के कमल महतो और लौहपिटी के दिलीप महतो ने भी अपनी समस्याएं रखीं.
