Dhanbad News : स्वास्थ्य विभाग का आदेश : एसएनएमएमसीएच के प्राचार्य और अधीक्षक के दो माह के वेतन पर रोक

आभा पंजीयन में खराब प्रदर्शन व एचएमआइएस पोर्टल पर मरीजों की जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने पर कार्रवाई

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) के ओपीडी में आभा पंजीयन में खराब प्रदर्शन व एचएमआइएस पोर्टल पर मरीजों से जुड़ी जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने को लेकर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ एसके चौरसिया व अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया का दो माह का वेतन रोकने का निर्देश जारी हुआ है. दोनों योजनाओं में एसएनएमएमसीएच का प्रदर्शन खराब रहने के कारण वेतन रोकने का निर्देश स्वास्थ्य चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने दिया है. इस संबंध में सोमवार को दोनों अधिकारियों को सूचना दी गयी. आने वाले कुछ दिनों में प्रदर्शन में सुधार करने के साथ रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है.

आभा से मरीजों का डेटा बेस होता है तैयार :

आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) एक डिजिटल स्वास्थ्य पहचान पत्र है, जो भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया है. यह एक 14 अंकों की विशिष्ट संख्या है, जो लोगों को उनके स्वास्थ्य रिकॉर्ड तक डिजिटल रूप से पहुंच प्रदान करता है. एक साल पहले एसएनएमएमसीएच के ओपीडी में आभा के जरिए पंजीयन की शुरुआत की गयी थी. इसके लिए मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए ओपीडी के मरीजों को रजिस्ट्रेशन कराना होता है. रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद काउंटर से मरीजों को चिकित्सकीय पर्ची प्रदान की जाती है.

एचएमआइएस पोर्टल में मरीजों की जानकारी होती है फीड :

स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआइएस) पोर्टल में सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने वाले मरीजों की जानकारी फीड करनी है. इसमें प्रजनन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी, टीकाकरण, परिवार नियोजन, वेक्टर जनित रोग, क्षय रोग, रुग्णता एवं मृत्यु दर, ओपीडी, आइपीडी सेवाएं, सर्जरी आदि डेटा मासिक आधार पर पोर्टल में अपलोड करना है. पिछले कुछ माह से एसएनएमएमसीएच में मरीजों का डेटा एचएमआइएस पोर्टल पर अपलोड ही नहीं किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Narendra kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >