सलानपुर बस्ती के बाउरी टोला में बिजली और पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर नगर निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन माह से इलाके में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जबकि नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जलापूर्ति योजना से नियमित पानी नहीं मिलने का आरोप
भाजपा नेता विनय पासवान ने कहा कि नगर निगम की जलापूर्ति योजना से ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है. इसके कारण लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि जमाडा की पाइप लाइन भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है, जिससे पानी नालियों में बहकर बर्बाद हो रहा है.
समस्या दूर नहीं हुई तो तालाबंदी की चेतावनी
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम के कतरास अंचल कार्यालय में तालाबंदी की जायेगी.
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
विरोध प्रदर्शन में गोविंद बाउरी, माधो बाउरी, अनिल बाउरी, चांदमुनी देवी, भारती देवी, हारु बाउरी, नरेश बाउरी, बप्पी बाउरी, विष्णु कुमार और सोनू बाउरी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
