Dhanbad News: सैफी उर्फ मेजर की रिमांड खत्म, कोर्ट में पेश के बाद भेजा गया धनबाद जेल

आसनसोल कोर्ट में पेशी कराने ले जाएगी वहां की पुलिस

वासेपुर के भगोड़े अपराधी प्रिंस खान का का कभी राइट हैंड रहा सैफ अब्बास नकवी उर्फ मेजर की तीन दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया. इसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है. वहीं दूसरी ओर पुलिस ने कोर्ट में आवेदन देकर कहा कि मेजर को आसनसोल, साउथ थाना कांड संख्या 258/25 में आसनसोल कोर्ट के समक्ष पेश करना है, जहां उसकी हैंड राइटिंग का सैंपल लिया जाना है. इसपर अदालत ने मेजर को आसनसोल कोर्ट में पेश करने की अनुमति दी. अब जल्द ही आसनसोल पुलिस धनबाद पहुंच कर सैफी को ले जायेगी. ज्ञात हो कि दो मई 26 को धनबाद के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विनय कुमार लाल की अदालत में पुलिस ने मेजर को पेश करने के बाद फिर से पांच दिन की पुलिस हिरासत की मांग की थी. इसका विरोध मेजर की ओर से मुकदमे की पैरवी कर रहे वरीय अधिवक्ता शाहनवाज ने किया था. दोनों पक्षों को सुनने के बाद, अदालत ने मेजर को फिर से तीन दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश जेल प्रशासन को दिया था. इसके पूर्व 29 अप्रैल 2026 को मेजर को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया था.

दो अन्य मुकदमे में प्रोडक्शन वारंट जारी

वहीं, बैंक मोड़ थाना की पुलिस ने मेजर को बैंक मोड़ थाना में दर्ज दो अन्य मुकदमे कांड संख्या 171/22 तथा 307/21 में न्यायिक हिरासत में लेने की अर्जी अदालत में दायर की थी. दोनों मुकदमों में मेजर की तलाश थी. पुलिस के आवेदन पर अदालत ने इन दोनों मुकदमों में मेजर को क्रमशः आठ मई को प्रस्तुत करने का आदेश दिया था.

बंगाल पुलिस हैंडराइटिंग व धनबाद पुलिस वाइस जांच करवायेगी

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सैफी ने फरारी के दौरान धनबाद व अन्य आसपास जिला के कई व्यवसायी को फोन कर रंगदारी मांगी थी. इस दौरान कई पत्र भी जारी किये हैं. इसे लेकर आसनसोल पुलिस मिले पत्र को लेकर कोर्ट के आदेश पर हैंडराइटिंग की जांच करायेगी. वहीं धनबाद पुलिस उसके कई वाइस सैंपल की कोर्ट के आदेश पर जांच कराने की तैयारी में है.

प्रिंस खान के पाकिस्तान भागने की पुष्टि की

सैफी ने पूछताछ के दौरान बताया कि प्रिंस खादन के दुबई से पाकिस्तान भाग जाने की भी जानकारी दी है. इसमें उसे सहयोग करने वालों की भी जानकारी है. बताया कि प्रिंस खान पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में छुपा है. इसके अलावा रंगदारी के पैसे क्रिप्टो करंसी और हवाला के जरिए दुबई तक पहुंचाने वाले कई लोगों के नाम व खाता नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है. पुलिस उन लोगों का सत्यापन कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >