DHANBAD NEWS : महिला की मौत के बाद परिजनों ने शव के साथ अस्पताल में किया हंगामा

परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप, ऑपरेशन के बाद चिकित्सक ने महिला को कर दिया था रेफर, दूसरे अस्पताल में इलाज के दौरान हो गयी मौत

जोड़ाफाटक रोड स्थित राज क्लिनिक में बच्चे को जन्म देने के बाद 24 वर्षीया राखी देवी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गयी. वहां से चिकित्सकों ने उसे शनिवार की देर रात असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया. वहां चिकित्सकों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा. इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गयी. इसके बाद उसके परिजन राखी के शव को लेकर राज क्लिनिक पहुंचे. यहां चिकित्सक सीमा साहू पर इलाज में लापरवाही व गलत तरीके से आपरेशन करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. सूचना पाकर बैंकमोड़ और धनसार पुलिस पहुंची. अस्पताल में ढाई घंटे से चल रहे हंगामा को पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया. हालांकि मृतक के परिजनों थाना में शिकायत नहीं की है. पुलिस के समझाने के बाद वे शव लेकर चले गये. वहीं नवजात बच्ची को धनबाद के दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ऑपरेशन के बाद बिगड़ने लगी तबीयत :

मृतका के पति विकास नगर निवासी रोहित ने बताया कि उसकी शादी 10 माह पूर्व हुई थी. उसकी पत्नी गर्भवती हुई, तो उसी समय से चिकित्सक सीमा साहू की देख रेख में इलाज चल रहा था. प्रसव के लिए 30 अक्टूबर को इस अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां चिकित्सक ने राखी का ऑपरेशन कर प्रसव कराया. ऑपरेशन के दूसरे दिन से ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. दो दिन तक चिकित्सक इलाज में लापरवाही करते रहे. इससे उसकी स्थिति काफी गंभीर हो गयी. शनिवार की रात करीब एक बजे उसे रेफर कर दिया गया.

कोट

महिला की इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती गयी थी. महिला का अधिक रक्त स्राव होने से तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी. इसके बाद उसे रेफर कर दिया गया. दूसरे अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

संजय कुमार,

चिकित्सक, राज क्लिनिक

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >