धनबाद. जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों तक राशन पहुंचाने वाली डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था फिर शुरू होने की उम्मीद जगी है. जिला आपूर्ति शाखा ने इसके लिए चार क्षेत्रों में परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ता के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ), धनबाद के गोदामों से पीडीएस दुकानों तक चावल, गेहूं और अन्य खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए जेम पोर्टल पर चार अलग-अलग निविदाएं जारी की गयी हैं. निविदा में आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है.
चार क्षेत्रों के लिए अलग-अलग निविदा
डोर स्टेप डिलीवरी के लिए बाघमारा-कतरास, गोविंदपुर, टुंडी और धनबाद नगर निगम क्षेत्र को शामिल किया गया है. चारों क्षेत्रों के लिए अलग-अलग बिड जारी की गयी है. चयनित एजेंसी एफसीआइ के गोदाम से खाद्यान्न उठाने के बाद संबंधित क्षेत्र की पीडीएस दुकानों तक पहुंचाने के साथ हथालन का काम भी करेगी.
निविदा प्रक्रिया पूरी होने और अभिकर्ता के चयन के बाद व्यवस्था लागू होने पर पीडीएस दुकानदारों को एफसीआइ गोदाम से राशन उठाकर दुकान तक पहुंचाने के लिए अलग से परिवहन की व्यवस्था नहीं करनी होगी.
डोर स्टेप बंद होने से बढ़ा था खर्च
डोर स्टेप डिलीवरी बंद होने के बाद पीडीएस डीलरों को एफसीआइ गोदाम से राशन उठाकर दुकानों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी खुद उठानी पड़ रही थी. कई डीलरों को निजी स्तर पर वाहन की व्यवस्था करनी पड़ रही थी. इससे परिवहन खर्च बढ़ने के साथ उनकी आमदनी पर भी असर पड़ रहा था. राशन ढुलाई की जिम्मेदारी डीलरों पर आने के बाद लंबे समय से डोर स्टेप डिलीवरी दोबारा शुरू करने की मांग की जा रही थी.
12 अगस्त को प्रभात खबर ने उठाया था मामला
डोर स्टेप डिलीवरी बंद होने और पीडीएस डीलरों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ को लेकर प्रभात खबर ने 12 अगस्त के अंक में ‘राशन की राह महंगी, डोर स्टेप डिलीवरी बंद, डीलरों की जेब पर पड़ रहा आर्थिक बोझ’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी. इसमें डीलरों की परेशानी और राशन दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था बंद होने से बढ़े खर्च को प्रमुखता से उठाया गया था.
इसके बाद विभाग की ओर से मामले का संज्ञान लेते हुए नये परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया शुरू की गयी है.
टेंडर के बाद डीलरों को मिलेगी राहत
जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह एडीएम सप्लाई (प्रभारी) पंकज कुमार ने बताया कि पीडीएस दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने के लिए डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है. चार क्षेत्रों के लिए परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ता के चयन को लेकर टेंडर जारी किया गया है.
निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी एफसीआइ गोदाम से सीधे संबंधित पीडीएस दुकानों तक राशन पहुंचायेगी. इससे डीलरों को गोदाम से खाद्यान्न उठाने और उसके परिवहन पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है.
21 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
चारों निविदाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 है. निविदा की शर्तें और विस्तृत जानकारी जेम पोर्टल पर उपलब्ध है. इच्छुक निविदादाता जिला आपूर्ति कार्यालय, धनबाद से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. अभिकर्ता के चयन के बाद डोर स्टेप डिलीवरी शुरू होने पर पीडीएस दुकानदारों को राशन उठाने के लिए अलग से वाहन या परिवहन की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी.
ये भी पढ़ें: BBMKU PG Admission 2026: पीजी की सीटों में बदलाव की तैयारी, जानें किन विषयों में नहीं मिलेगा एडमिशन
