डाक विभाग ने राज्य सहित जिले के डाकघरों की आवधिक स्थापना समीक्षा (पीरियॉडिकल एस्टैब्लिशमेंट रिव्यू) की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इसके मद्देनजर देश भर के डाक परिमंडलों को मौजूदा मैनुअल समीक्षा प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिये गये हैं. स्थापना समीक्षा के लिए ऑनलाइन एस्टैब्लिशमेंट रिव्यू पोर्टल की तैयारी अंतिम चरण में है. इसे एक सितंबर 2026 से पूरे देश में लागू होने की संभावना है.
समीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की संभावना
संचार मंत्रालय के डाक विभाग (पीइ-1 अनुभाग) ने इस बाबत सभी डाक परिमंडलों के प्रमुखों को निर्देश जारी किया है. विभाग का मानना है कि ऑनलाइन प्रणाली लागू होने से स्थापना समीक्षा की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होगी.
सभी फील्ड कार्यालयों को दिये जायेंगे आवश्यक निर्देश
डाक विभाग के आदेश के अनुसार सभी परिमंडल प्रमुख अपने अधिकार क्षेत्र के अधीन आने वाले डाक मंडलों और फील्ड कार्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी कर इस आदेश का सख्ती से पालन करने की बात कही गयी है.
विस्तृत प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन पोर्टल के संचालन, उपयोग और उसके माध्यम से आवधिक स्थापना समीक्षा करने की विस्तृत प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जायेंगे. यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है.
