Dhanbad News : मधुबन थाना क्षेत्र के खरखरी हिलटॉप परियोजना स्थित बावनडीहा जंगल में गुरुवार की देर रात सुरक्षा गार्ड से लाइसेंसी राइफल लूटे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है. घटना में प्रयुक्त सुरक्षा वाहन को भी जब्त कर मधुबन थाना लाया गया है. जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे बावनडीहा जंगल मोड़ के समीप सुरक्षा वाहन पर सवार गार्डों के साथ मारपीट कर राइफल छीन लिये जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी शुभम कुमार के नेतृत्व में मधुबन, सोनारडीह, धर्माबांध ओपी तथा महुदा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद की बात सामने आई है. बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल एवं महुदा इंस्पेक्टर रंजीत कुमार के निर्देशन में पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है. थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है तथा कुछ लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जायेगा.
Dhanbad News : राइफल लूट की सूचना पर पुलिस सक्रिय, तीन घंटे में दो हिरासत में
Dhanbad News : राइफल लूट की सूचना पर पुलिस सक्रिय, तीन घंटे में दो हिरासत में
