Dhanbad News:हटिया-नयी दिल्ली स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के गोमो जंक्शन पर आते ही शुक्रवार को कुंभ जाने के लिए खड़े यात्रियों ने जमकर हंगामा किया. प्रयागराज महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की ट्रेन में पहले से ही काफी भीड़ थी. ट्रेन में पहले से रांची, बोकारो, चंद्रपुरा से सफर कर रहे यात्रियों ने अंदर से गेट नहीं खोला. इसके चलते गोमो स्टेशन पर खड़े यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया. एसी फर्स्ट क्लास से लेकर स्लीपर, जेनरल बोगी पहले से भरा हुआ था. इसके कारण सफर कर रहे यात्रियों ने अंदर से गेट बंद कर दिया था.
आरपीएफ इंस्पेक्टर कहा : रात नौ बजे चलायी जायेगी कुंभ स्पेशल ट्रेन
आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार झा, सब इंस्पेक्टर साकिब अंसारी दलबल के साथ स्टेशन पहुंचे. इसके बाद भी ट्रेन का गेट नहीं खोला गया. एसी फर्स्ट क्लास में किसी अधिकारी का स्कॉर्ट कर रहे आर्मी के दो जवान गेट पर आकर आरपीएफ के जवानों से उलझ गये. इंस्पेक्टर ने आक्रोशित यात्रियों को ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से समझाया. उन्होंने कहा कि रात साढ़े नौ बजे कुंभ स्पेशल ट्रेन चलायी जायेगी. सभी लोग उससे चले जायेंगे. इसके बाद यात्री शांत हुए और ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
