Dhanbad News: सदर अस्पताल में शुरू होगी डेंटल एक्स-रे सेवा, पहुंची मशीन

Dhanbad News: पहली बार मरीजों को दांतों से जुड़ी जांच की मिलेगी नि:शुल्क सुविधा, गरीब और ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को मिलेगी राहत.

विक्की प्रसाद, धनबाद, कोर्ट रोड स्थित सदर अस्पताल में डेंटल एक्स-रे सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है. इसके लिए स्वास्थ्य चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से सदर अस्पताल को अत्याधुनिक डेंटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध करा दी गयी है. जल्द ही सरकारी अस्पताल में पहली बार मरीजों को दांतों से जुड़ी जांच की निशुल्क सुविधा मिलेगी. अब तक यह सुविधा निजी क्लीनिकों तक सीमित थी. जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता था. पहले जहां एक एक्स-रे के लिए 500 से 1000 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे. वहीं अब यह सुविधा सदर अस्पताल में पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध होगी. इससे विशेष रूप से गरीब और ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को काफी राहत मिलेगी.

इलाज में आएगी सटीकता, अस्पताल में हो सकेगा आरसीटी

डेंटल एक्स-रे से चिकित्सक दांतों, जबड़े और आसपास की संरचना की स्पष्ट तस्वीर देख सकेंगे. इससे बीमारी की सही पहचान संभव होगी और इलाज भी अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा. बिना एक्स-रे के कई बार अनुमान के आधार पर इलाज करना पड़ता था. जिससे मरीज को बार-बार अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ता था. अब एक ही जांच में समस्या का सही कारण सामने आ जाएगा.

इन बीमारियों का होगा बेहतर इलाज

डेंटल एक्स-रे सुविधा शुरू होने से कई प्रकार की दंत समस्याओं का इलाज सदर अस्पताल में ही संभव हो सकेगा. इनमें दांतों में सड़न (कैविटी), गहराई का पता लगाना, रूट कैनाल की जरूरत का सही आकलन, मसूड़ों की बीमारी (पायरिया) की पहचान, दांतों के अंदर संक्रमण (इन्फेक्शन) का पता लगाना, जबड़े की हड्डी में फ्रैक्चर अथवा असामान्यता, फंसे हुए या टेढ़े-मेढ़े दांत (इम्पैक्टेड टूथ) की स्थिति, दांतों की जड़ों में सूजन या पस की जांच आदि शामिल है. इन सभी समस्याओं के लिए अब मरीजों को बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी.

बच्चों और बुजुर्गों को मिलेगा विशेष लाभ

यह सुविधा बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद साबित होगी. बच्चों में दांतों के विकास और छिपी हुई समस्याओं की पहचान समय रहते हो सकेगी. जिससे आगे चलकर बड़ी परेशानी से बचाव होगा. वहीं बुजुर्गों में दांतों के गिरने, हड्डियों के कमजोर होने और मसूड़ों की बीमारियों का सही इलाज संभव होगा.

मेडिकल कॉलेज में भी नहीं है सुविधा

गौरतलब है कि धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भी अब तक डेंटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध नहीं है. ऐसे में सदर अस्पताल में यह मशीन लगना स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. इससे न केवल मरीजों को लाभ मिलेगा, बल्कि अस्पताल में दंत चिकित्सा विभाग भी और अधिक सशक्त होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >