धनबाद क्लब के छह सदस्यों की सदस्यता रद्द हो गयी है. इन सदस्यों पर गलत तरीके से क्लब की सदस्यता हासिल करने का आरोप था. नई कमेटी की ओर से की गयी जांच में इसकी पुष्टि हाेने पर यह कार्रवाई की गयी. इसमें चार पुरुष व दो महिला सदस्य शामिल हैं. इस कार्रवाई के बाद क्लब में हलचल तेज हो गयी है और सदस्यता प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं. बताया जाता है कि यह मामला पिछले आम सभा में ही जोर-शोर से उठा था. इसके बाद नई कमेटी ने पूरे मामले की जांच शुरू की. इस दौरान कई अहम दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई, जिसमें पाया गया कि संबंधित सदस्यों को नियमों को दरकिनार कर सदस्यता दी गयी थी. ऐसे में पुरानी कमेटी पर भी सदस्यता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
आगामी आम सभा में जांच रिपोर्ट पेश करेगी नयी कमेटी
क्लब की नयी कमेटी अब अपनी जांच रिपोर्ट जून 2026 में प्रस्तावित आम सभा में पेश करेगी. माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के बाद क्लब में सदस्यता नियमों को और सख्त किया जा सकता है, ताकि भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों पर रोक लगाई जा सके.
धनबाद क्लब में वर्तमान में कुल 970 सदस्य
गौरतलब है कि धनबाद क्लब में वर्तमान में कुल 970 सदस्य हैं और यहां सदस्यता प्राप्त करने के लिए करीब 15 लाख रुपये का शुल्क निर्धारित है. धनबाद का यह प्रतिष्ठित क्लब है. यहां की सदस्यता के लिए मारामारी होती है. ऐसे में सदस्यता प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखना क्लब प्रबंधन के लिए बड़ी चुनौती है.
