वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ मेजर को शुक्रवार को धनबाद लाया जा सकता है. आसनसोल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये मेजर को फिलहाल जेल भेज दिया गया है. हालांकि कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होते ही उसे ट्रांजिट रिमांड पर धनबाद पुलिस अपने साथ ले आयेगी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सैफी उर्फ मेजर प्रिंस खान का राइट हैंड माना जाता है. वह लंबे समय से कई आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है. उस पर धनबाद व आसपास के इलाकों में कई लोगों से रंगदारी मांगने का भी आरोप है.
कोर्ट से अनुमति मिलते ही लाया जायेगा धनबाद
आसनसोल पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद से ही धनबाद पुलिस उसकी कस्टडी लेने की तैयारी में जुटी है. अब कोर्ट से जरूरी अनुमति मिलते ही उसे धनबाद लाया जाएगा, यहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी. पुलिस को उम्मीद है कि मेजर से पूछताछ के दौरान प्रिंस खान के नेटवर्क, उसके सहयोगियों और रंगदारी से जुड़े कई बड़े राज खुल सकते हैं. धनबाद पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि सैफी के आने के बाद कई पुराने मामलों में भी नयी जानकारी मिलने की संभावना है. इससे अपराध के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है, इलाके में सक्रिय अन्य अपराधियों पर भी शिकंजा कसने में मदद मिलेगी.
कई जिलाें में सैफी के खिलाफ दर्ज हैं केस
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सैफी पर धनबाद जिला में 15 मामले दर्ज है. वहीं पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक रंगदारी का मामला दर्ज है. इसके अलावा झारखंड के पलामू, रामगढ़, रांची, हजारीबाग, बोकारो व अन्य जिलाें में तीन दर्जन से ज्यादा मामले हैं. उसके आने के बाद कई घटनाओं से पर्दा उठेगा.