Dhanbad News: आइआइटी आइएसएम में विज्ञान, संस्कृति व विरासत का महाकुंभ कल से
Dhanbad News: आइआइआइ, सृजन 2026 और शताब्दी बसंत 2026 का होगा भव्य आयोजन
By OM PRAKASH RAWANI | Updated at :
Dhanbad News: आइआइआइ, सृजन 2026 और शताब्दी बसंत 2026 का होगा भव्य आयोजन
Dhanbad News: आइआइटी आइएसएम धनबाद में छह फरवरी से वसंतोत्सव आइआइआइ 2026, सृजन 2026 और शताब्दी बसंत 2026 का भव्य आयोजन किया जायेगा. इस दौरान शैक्षणिक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक विमर्श, संस्कृति और पूर्व छात्रों की सहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा.
वसंतोत्सव
वसंतोत्सव आइइआइ 2026 का आयोजन छह से आठ फरवरी 2026 तक होगा. यह आयोजन विज्ञान और संस्कृति को समर्पित होगा. इस दौरान इंडस्ट्री–इंस्टीट्यूट इंटरैक्शन कॉन्क्लेव व प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी. यह आयोजन विज्ञान भारती झारखंड द्वारा आइआइटी आइएसएम धनबाद टेक्समिन और सिंफर के सहयोग से किया जा रहा है. इस मंच पर वैज्ञानिक, शोधकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और नीति से जुड़े विशेषज्ञ एकत्र होंगे. स्मार्ट माइनिंग, क्रिटिकल मिनरल्स और ग्रीन एनर्जी जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा. प्रदर्शनी और तकनीकी सत्रों के माध्यम से उद्योग-शिक्षा-शोध के बीच सहयोग को और मजबूत करने का लक्ष्य है.
सृजन 2026
आइआइटी आइएसएम का वार्षिक टेक्नो-कल्चरल फेस्ट सृजन 2026 का आयोजन पांच से आठ फरवरी 2026 तक होगा. यह महोत्सव परिसर को रचनात्मकता, युवा ऊर्जा और प्रतिभा के रंगों से भर देगा. डे–0 से डे–3 तक चलने वाले इस आयोजन में क्विज, टॉक्स, मॉडलिंग, फोटोग्राफी, थिएटर, संगीत, नृत्य, फैशन शो, गेमिंग और इडीएम व बैंड नाइट जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. विभिन्न प्रतियोगिताएं छात्रों को नवाचार, अभिव्यक्ति और टीम वर्क का मंच प्रदान करेगी.
शताब्दी वसंत 2026
छह से आठ फरवरी 2026 तक शताब्दी वसंत 2026 के तहत संस्थान के पूर्व छात्रों का वार्षिक सम्मेलन होगा. संस्थान के शताब्दी वर्ष में आयोजित यह विशेष संस्करण पूर्व छात्रों को सम्मान देने और उनसे वर्तमान छात्रों को जोड़ने का प्रयास है. इस दौरान स्मृति प्रदर्शनी, संवाद सत्र, सांस्कृतिक संध्या और विशेष शताब्दी समारोह का आयोजन होंगे.