धनबाद में लगातार हो रही बारिश के बीच भू-धंसान की घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं. डेंजर जोन और फायर एरिया में जमीन धंसने और गोफ बनने का सिलसिला जारी है. गुरुवार को लोदना क्षेत्र के बरारी छह नंबर बस्ती में जोरदार धमाके के साथ अचानक जमीन धंस गई.
इसके बाद जमीन पर गहरी दरारें पड़ गयीं. दरारों से जहरीला धुआं निकलने के साथ आग की लपटें भी दिखाई दीं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.
जमीन के नीचे आग और जहरीली गैस का खतरा
भू-धंसान के बाद स्थानीय लोगों में जमीन के नीचे लगी आग और जहरीली गैस को लेकर चिंता बढ़ गयी है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया, तो खतरा और बढ़ सकता है. आसपास रहने वाले लोग भी किसी बड़े हादसे की आशंका से परेशान हैं.
ये भी पढ़ें: धनबाद में बदल रहा गाड़ियों का बाजार, पेट्रोल से ई-व्हीकल की ओर बढ़ रहा लोगों का रुझान
मुख्य सड़क पर भी मंडरा रहा खतरा
भू-धंसान वाली जगह के बिल्कुल पास से लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क गुजरती है. ऐसे में अगर जमीन धंसने का दायरा बढ़ता है, तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है. इससे लोगों के आवागमन पर भी असर पड़ने की आशंका है.
स्थानीय नेता ने बीसीसीएल पर लगाया लापरवाही का आरोप
स्थानीय नेता सबूर गोराई ने भू-धंसान की घटना के लिए कोयला खनन को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रभावित इलाके की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है.
घटना की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. प्रबंधन की ओर से प्रभावित क्षेत्र में भराई कराने का आश्वासन दिया गया है.
लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल जमीन की भराई कर देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उनकी मांग है कि पहले जमीन के नीचे की स्थिति की जांच करायी जाए. साथ ही भूमिगत आग और जहरीली गैस के खतरे को खत्म करने के लिए जरूरी कदम उठाये जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके.
