छाताबाद में हाल में हुई भू-धंसान की घटना के बाद बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्रीय प्रबंधन सक्रिय हो गया है. प्रबंधन की ओर से संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है.
कुछ दिन पहले क्षेत्र के करीब एक दर्जन इलाकों को डेंजर जोन घोषित करते हुए जगह खाली करने का नोटिस चिपकाया गया था. इसी क्रम में गुरुवार को न्यू आकाशकिनारी कोलियरी के ईस्ट कतरास स्थित 11 नंबर कैलूडीह में भी नोटिस चिपकाया गया.
नोटिस की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में खलबली मच गयी. कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि उक्त क्षेत्र बीसीसीएल के अधीन है और यह अति संवेदनशील व भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र है. यहां कभी भी भू-धंसान या अन्य अप्रिय घटना घट सकती है. ऐसे में लोगों से जल्द से जल्द उक्त स्थान को खाली करने की अपील की गयी है.
