Dhanbad News: 46 केंद्रों पर हुई जेपीएसइ की परीक्षा, 9720 रहे अनुपस्थित

झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा – 2025 रविवार को जिले के 46 केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई. कुछ केंद्रों पर बिजली तो कही बायोमेट्रिक में आयी दिक्कत.

झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा – 2025 रविवार को जिले के 46 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई. जेपीएसइ की ओर से आयोजित इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुबह से ही जिला व पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा. धनबाद के 46 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में लगभग 17,574 परीक्षार्थियों को शामिल होना था. इसमें 7854 छात्रों ने परीक्षा दी व 9720 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ सभी केंद्रों पर रही. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिनमें मजिस्ट्रेट की तैनाती, पुलिस बल की निगरानी और सीसीटीवी व्यवस्था शामिल रही. परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली अपराह्न तीन से शाम के पांच बजे तक आयोजित हुई.

करंट अफेयर्स व झारखंड जीके ने बढ़ाई चुनौती

परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों का स्तर मध्यम से कठिन रहा. सामान्य अध्ययन के तहत इतिहास, भूगोल, पॉलिटी, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और करंट अफेयर्स से सवाल पूछे गये, जबकि झारखंड सामान्य ज्ञान के प्रश्न अधिक विश्लेषणात्मक रहे. कई प्रश्न घुमावदार थे, जिन्हें हल करने में अभ्यर्थियों को समय लगा. खासकर करंट अफेयर्स और झारखंड जीके के सवालों ने छात्रों को सबसे ज्यादा परेशान किया, जिससे पेपर चुनौतीपूर्ण महसूस हुआ.

कुछ केंद्रों पर तकनीकी व बिजली समस्या

झरिया के कुछ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति में अचानक व्यवधान उत्पन्न होने से कुछ समय के लिए परीक्षार्थियों को असुविधा हुई. हालांकि जिला प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर संबंधित विभाग की मदद से शीघ्र बिजली बहाल कर दी. कुछ केंद्रों पर आई स्कैन और बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया के दौरान इंटरनेट की धीमी गति के कारण अभ्यर्थियों के प्रवेश में थोड़ी देरी हुई. इससे प्रारंभिक समय में अव्यवस्था की स्थिति बनी, लेकिन तकनीकी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर नेटवर्क समस्या को जल्द ठीक कर लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashok kumar

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >