निरसा में जमाडा की जमीन पर प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण की कवायद एक बार फिर तेज होती दिख रही है. मंगलवार को जमाडा की एमडी प्रेम कुमारी तिवारी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने निरसा स्थित जमाडा कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया. टीम ने प्रस्तावित स्थल की स्थिति और उपलब्ध जमीन का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जर्जर हो चुके कार्यालय भवन, पूरे परिसर के क्षेत्रफल और लंबे समय से बंद पड़े शिक्षा विभाग के कार्यालय समेत अन्य स्थानों का अवलोकन किया. प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण को लेकर जमीन की स्थिति और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी ली गयी. निरीक्षण के दौरान टुटुन मुखर्जी के अलावा निरसा फुटपाथ दुकानदार समिति के सदस्य भी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: जिला परिषद की विशेष बैठक में सदस्यों का फूटा गुस्सा, बोले- बिना बोर्ड की मंजूरी से हो रहे काम
सैकड़ों दुकानों के साथ रोजगार की खुलेगी राह
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमाडा यदि अपनी जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण करता है, तो यहां सैकड़ों दुकानों के लिए जगह उपलब्ध हो सकती है. इससे लंबे समय से सड़क किनारे दुकान लगाकर रोजी-रोटी चलाने वाले फुटपाथ दुकानदारों को स्थायी ठिकाना मिलने की उम्मीद है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्केट कॉम्प्लेक्स बनने से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए भी दुकान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के जरिये रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं. फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित जगह मिलने के साथ बाजार को भी नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है.
स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स की योजना को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की है.
