जमीन के डिजिटलाइजेशन सहित अन्य कार्यों के निष्पादन में पहले दिए गए आवेदनों को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर ग्राम स्वराज अभियान के बैनर तले सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो का सत्याग्रह दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा. मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से सत्याग्रहियों में रोष है.
आंदोलनकारियों ने घोषणा की कि मांगें पूरी नहीं होने पर सात सितंबर को मुख्यमंत्री सहित जिला प्रशासन के जिम्मेवार अधिकारियों का पुतला दहन किया जाएगा. आंदोलनकारियों ने कहा कि पहले दिए आवेदन का पहले निष्पादन किया जाना चाहिए.
उनका आरोप है कि लंबे समय से आवेदन देने के बावजूद कई रैयतों के मामलों का निष्पादन नहीं किया जा रहा है. आंदोलन के समर्थन में तिलाटांड़ के रैयत मुकेश महतो, दिलीप कुमार महतो, कमल महतो समेत अन्य लोग धरना स्थल पर पहुंचे.
सत्याग्रही किसान कमल महतो और उनके घर की महिलाओं ने अनूठे तरीके से विरोध दर्ज कराया. उन्होंने अपने खेत में उपजायी सब्जियों की धरना स्थल पर ही दुकान लगाकर बिक्री की. इस दौरान लगभग 30/35 किलो भिंडी की विक्री धरनास्थल पर किया. उन्होंने बताया कि आंदोलन के कारण गांव कालोनी में घूम नहीं पाने के कारण धरनास्थल पर ही दुकान लगा दिया. सत्याग्रह को आजसू नेता शंकर कुमार महतो, जेएलकेएम नेता महानंद महतो, विकास कुमार महतो, हेमंत कुमार साव, महाबीर, प्रेम कुमार, विक्की साव, रमेश कुमार महतो सहित अन्य लोगों ने धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया.
