धनबाद. आइआइटी आइएसएम धनबाद ने क्यूएस विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग 2027 में 701-710 के बैंड में स्थान हासिल किया है. क्यूएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी संस्थान की प्रोफाइल के अनुसार, यह आइआइटी आइएसएम धनबाद का पहली बार क्यूएस विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग में शामिल होना है.
इस वैश्विक रैंकिंग में दुनिया भर के 1,500 से अधिक विश्वविद्यालयों को शामिल किया गया है. संस्थानों का मूल्यांकन शैक्षणिक प्रतिष्ठा, रोजगार क्षमता, शोध और अन्य मानकों के आधार पर किया जाता है.
खनिज एवं खनन अभियांत्रिकी में 21वें स्थान पर रहा संस्थान
क्यूएस की विषयवार रैंकिंग में आइआइटी आइएसएम धनबाद पहले से ही अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराता रहा है. वर्ष 2026 की विषयवार रैंकिंग में खनिज एवं खनन अभियांत्रिकी के क्षेत्र में संस्थान को दुनिया में 21वां स्थान मिला था. वर्ष 2025 में इसी विषय में संस्थान 20वें स्थान पर था.
ये भी पढ़ें: धनबाद: छाताबाद में जोरदार आवाज के साथ फिर धंसी जमीन, एक घर जमींदोज; दर्जनभर आवास क्षतिग्रस्त
वर्ष 2026 की दक्षिण एशिया रैंकिंग में भी आइआइटी आइएसएम धनबाद को 110वां स्थान मिला था.
7,411 विद्यार्थी और 508 फैकल्टी सदस्य
क्यूएस की संस्थान प्रोफाइल के अनुसार, आइआइटी आइएसएम धनबाद में वर्तमान में 7,411 विद्यार्थी और 508 फैकल्टी सदस्य हैं. कुल विद्यार्थियों में 59.1 प्रतिशत स्नातक और 40.9 प्रतिशत स्नातकोत्तर स्तर के हैं. संस्थान में 43 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी भी दर्ज हैं.
बीटेक से पीएचडी तक कई पाठ्यक्रम
आइआइटी आइएसएम धनबाद में बीटेक, एमटेक, एमबीए, एमएससी, इंटीग्रेटेड और दोहरी डिग्री सहित कई पाठ्यक्रम संचालित होते हैं. संस्थान में पूर्णकालिक और अंशकालिक पीएचडी कार्यक्रम भी संचालित किये जाते हैं.
ये भी पढ़ें: नीरज सिंह केस से निखार सबलोक मर्डर तक, शूटर शिबू की पूरी कहानी; धनबाद में पुलिस से मुठभेड़ में घायल
क्यूएस विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग 2027 में 701-710 बैंड में स्थान मिलने के साथ आइआइटी आइएसएम पहली बार इस समग्र वैश्विक रैंकिंग में शामिल हुआ है. वहीं, खनिज एवं खनन अभियांत्रिकी के क्षेत्र में संस्थान लगातार वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत करता रहा है.
