धनबाद. स्वदेशी सेमीकंडक्टर अनुसंधान और चिप डिजाइन के क्षेत्र में आइआइटी आइएसएम धनबाद को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है. सेमीकॉन इंडिया 2026 के उद्घाटन समारोह के दौरान गुरुवार को नयी दिल्ली में आयोजित चिप हैंडओवर समारोह में संस्थान की ओर से विकसित चिप को विशेष पहचान मिली.
आइआइटी आइएसएम देश के उन छह आइआइटी और 20 प्रमुख संस्थानों में शामिल रहा, जिनकी चिप तकनीक को समारोह में प्रदर्शित और सम्मानित किया गया.
इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर प्रो राजीव कुमार रंजन के नेतृत्व में छात्रों और रिसर्च स्कॉलर्स की टीम ने इस चिप को विकसित किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित समारोह में संस्थान की ओर से रिसर्च स्कॉलर राहुल रंजन ने प्रधानमंत्री से चिप और मोमेंटो प्राप्त किया.
ये भी पढ़ें: धनबाद: युवक से मारपीट के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, मेमको मोड़ पर 8 लेन सर्विस लेन जाम
अल्ट्रा-लो पावर स्मार्ट ग्लास परियोजना के तहत विकसित हुई चिप
यह चिप इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से वित्त पोषित अल्ट्रा-लो पावर असिस्टिव स्मार्ट ग्लास परियोजना के तहत विकसित की गयी है. चिप का निर्माण सेमीकंडक्टर लेबोरेटरी (एससीएल), मोहाली में किया गया है.
परियोजना का उद्देश्य कम ऊर्जा खपत वाले स्मार्ट ग्लास के लिए अत्याधुनिक और कॉम्पैक्ट तकनीक विकसित करना है. इस दिशा में विकसित चिप स्वदेशी चिप डिजाइन और सेमीकंडक्टर अनुसंधान को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है.
रियल टाइम इमेज प्रोसेसिंग में सक्षम है चिप
डिजिटल एप्लीकेशन-स्पेसिफिक इंटीग्रेटेड सर्किट चिप को ओवी7670 कैमरा की मदद से रियल टाइम इमेज प्रोसेसिंग के लिए डिजाइन किया गया है. इसकी तकनीक का इस्तेमाल स्मार्ट ग्लास के अलावा बायोमेडिकल इमेजिंग, असिस्टिव हेल्थकेयर डिवाइस, वियरेबल सेंसिंग और एज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम में भी किया जा सकता है.
प्रो राजीव कुमार रंजन ने कहा कि टीम द्वारा विकसित चिप को सेमीकॉन इंडिया 2026 में विशेष पहचान मिलना विभाग के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवा शोधकर्ताओं को सेमीकंडक्टर डिजाइन के क्षेत्र में नये और उपयोगी शोध के लिए प्रेरित करेगी. साथ ही देश में स्वदेशी चिप तकनीक और निर्माण को बढ़ावा देने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी.
पेनमैन ऑडिटोरियम में हुआ लाइव प्रसारण
सेमीकॉन इंडिया 2026 के उद्घाटन समारोह और चिप हैंडओवर सेरेमनी का लाइव प्रसारण आइआइटी आइएसएम धनबाद के पेनमैन ऑडिटोरियम में किया गया. इस दौरान संस्थान के अधिकारी, शिक्षक और छात्र समारोह से जुड़े रहे.
ये भी पढ़ें: IIT-ISM में जुटे देश-विदेश के विशेषज्ञ, सतत विकास और नवाचार आधारित भविष्य पर मंथन
कार्यक्रम में निदेशक प्रो सुकुमार मिश्रा, रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय, डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो संजय मंडल, एसोसिएट डीन (स्टूडेंट्स वेल बीइंग) प्रो संजीव आनंद साहू, प्रो राजीव कुमार रंजन सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और छात्र मौजूद थे.
