Dhanbad News: वरीय संवाददाता, धनबाद. बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित छठा युवा महोत्सव अंतर्नाद-2025 के समग्र परिणाम में गुरुनानक कॉलेज ने निरंतर और संतुलित प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, वहीं शानदार गोल्ड प्रदर्शन के बावजूद एसएसएलएनटी महिला कॉलेज को उपविजेता के स्थान से संतोष करना पड़ा. पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज की मेजबानी में आयोजित इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ में संगीत, नृत्य, नाट्य, साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा दिखायी. मंच पर उत्साह, प्रतिस्पर्धा और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला.
कम गोल्ड, लेकिन सबसे अधिक पदक, गुरुनानक कॉलेज बना चैंपियन :
युवा महोत्सव के दौरान आयोजित 28 इवेंट्स में गुरुनानक कॉलेज की टीम ने भले ही गोल्ड पदकों की संख्या में शीर्ष स्थान हासिल न किया हो, लेकिन कॉलेज की टीम ने 28 में से 24 इवेंट्स में पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने में सफल रही. गुरुनानक कॉलेज ने चार गोल्ड, 11 सिल्वर और नौ ब्रॉन्ज पदक जीते. नृत्य, लोककला, समूह गायन, साहित्यिक प्रतियोगिताओं और मंचीय प्रस्तुतियों में कॉलेज के प्रतिभागियों ने निर्णायकों के साथ-साथ दर्शकों का भी दिल जीत लिया.एसएसएलएनटी महिला कॉलेज की टीम ने आठ गोल्ड, पांच सिल्वर और छह ब्रॉन्ज पदक जीते :
एसएसएलएनटी महिला कॉलेज ने भी युवा महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी सशक्त पहचान बनायी. कॉलेज की छात्राओं ने आठ गोल्ड, पांच सिल्वर और छह ब्रॉन्ज पदक जीतकर कुल पदक तालिका में गोल्ड की संख्या के लिहाज से पहला स्थान हासिल किया. हालांकि ओवरऑल अंकों में वह गुरु नानक कॉलेज से पीछे रह गयी, लेकिन छात्राओं की मेहनत, आत्मविश्वास और मंचीय दक्षता ने सभी को प्रभावित किया.तीसरे स्थान पर रहा मेजबान पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज :
महोत्सव के मेजबान पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज ने भी संतुलित प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया. कॉलेज की टीम ने छह गोल्ड, दो सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज पदक जीतकर पदक तालिका में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करायी. इसके अलावा विश्वविद्यालय के पीजी विभाग की टीम ने भी तीन गोल्ड, सात सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज पदक जीतकर सराहनीय प्रदर्शन किया.28 इवेंट्स में दिखी युवाओं की बहुआयामी प्रतिभा :
तीन दिवसीय इस युवा महोत्सव में कुल 28 इवेंट आयोजित किये गये. इन प्रतियोगिताओं में धनबाद और बोकारो जिले के 14 कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया. इनमें से 11 कॉलेजों की टीमें पदक तालिका में स्थान बनाने में सफल रहीं.समापन समारोह में विजेताओं का हुआ सम्मान :
रविवार को न्यू टाउन हॉल धनबाद में आयोजित भव्य समापन समारोह में सिंफर के निदेशक प्रो एके मिश्रा मुख्य अतिथि तथा बीआइटी सिंदरी के निदेशक प्रो पंकज राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. बीबीएमकेयू के कुलपति प्रो राम कुमार सिंह और डीएसडब्ल्यू डॉ पुष्पा कुमारी ने विजेता प्रतिभागियों और टीमों को पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. पूरे सभागार में उत्साह, तालियों और गर्व का माहौल बना रहा.टीम भावना से ही मिलती है सफलता : प्रो एके मिश्रामुख्य अतिथि प्रो एके मिश्रा ने कहा कि युवाओं के लिए टीम भावना के साथ कार्य करना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने मिशन चंद्रयान और ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए कहा कि इन अभियानों की सफलता का मूल कारण मजबूत टीम वर्क है. उन्होंने कहा कि असफलता को हार नहीं, बल्कि सीखने का अवसर मानकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है.
इंटरनेट के गलत प्रयोग से युवाओं को नुकसान : प्रो पंकज रायविशिष्ट अतिथि प्रो पंकज राय ने कहा कि वर्तमान समय में समाज तेजी से पतन की ओर बढ़ रहा है और हम पश्चिमी संस्कृति को बिना सोचे-समझे अपनाने की ओर अग्रसर हैं. उन्होंने युवाओं से अपील की कि प्रतिदिन कम से कम दो घंटे मोबाइल स्विच ऑफ कर अध्ययन और आत्मविकास में लगायें, जिससे निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम मिलेंगे.झारखंड की समृद्ध संस्कृति का मंच बना युवा महोत्सव : वीसीबीबीएमकेयू के कुलपति प्रो राम कुमार सिंह ने कहा कि युवा महोत्सव झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है. ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना का विकास होता है.उन्होंने प्रतिभागी छात्रों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में डीएसडब्ल्यू डॉ पुष्पा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
