धनबाद से धर्मेन्द्र गुप्त की रिपोर्ट
धनबाद: कोयला मंत्रालय ने संयुक्त सचिव गोपाल सिंह को कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) के आयुक्त पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है. उन्होंने सोमवार को पदभार संभाल लिया. नियमित आयुक्त की नियुक्ति होने या मंत्रालय की ओर से नया आदेश जारी होने तक वह इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे.
2003 बैच के आइएफएस अधिकारी हैं गोपाल सिंह
गोपाल सिंह 2003 बैच के भारतीय वन सेवा के बिहार कैडर के अधिकारी हैं. वह लंबे समय तक बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
बताया जाता है कि सीएमपीएफओ आयुक्त पद का अतिरिक्त प्रभार इससे पहले कोल कंट्रोलर सजीत कुमार एन के पास था. उन्होंने मई 2025 में इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी. उनके स्थानांतरण के बाद अब गोपाल सिंह को आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
यह भी पढ़ें : JSSC CGL रद्द होने के बाद सफल अभ्यर्थियों ने दी आमरण अनशन की चेतावनी. बोले- ‘एक रात में सरकार कैसे छीन सकती है नौकरी?
तीन बार आवेदन मांगे, फिर भी नियमित नियुक्ति नहीं
सीएमपीएफओ में नियमित आयुक्त की नियुक्ति के लिए कोयला मंत्रालय की ओर से तीन अलग-अलग मौकों पर आवेदन आमंत्रित किये जा चुके हैं. इसके बावजूद अब तक नियमित आयुक्त की नियुक्ति नहीं हो सकी है.
नियमित नियुक्ति नहीं होने के कारण संगठन 17 माह से अधिक समय से प्रभार के भरोसे चल रहा है. अब गोपाल सिंह के पास नियमित आयुक्त की नियुक्ति होने तक संगठन के आयुक्त पद की जिम्मेदारी रहेगी.
