Dhanbad News: हीरापुर में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप संचालक के गले से 3.5 लाख की सोने की चेन छीनी
Dhanbad News: घर के गेट के पास हुई घटना, सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस
Dhanbad News: घर के गेट के पास हुई घटना, सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस
Dhanbad News: धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर में रविवार की सुबह बाइक पर सवार दो अपराधियों ने श्रीराम फ्यूल के मालिक गोपाल साव के गले से साढ़े तीन लाख रुपये की सोने की छीन कर सनसनी फैला दी. दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद धनबाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है.
पूजा कर पंप से घर लौट रहे थे गोपाल साव
पीड़ित गोपाल साव ने बताया कि वह रविवार की सुबह अपने पेट्रोल पंप में पूजा-अर्चना करने के बाद घर लौट रहे थे. जैसे ही वह अपने घर के गेट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाये बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली. घटना के बाद उन्होंने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी बाइक तेज कर फरार हो गये. गोपाल साव के अनुसार छीनी गयी चेन की कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये है. उन्होंने धनबाद थाना में लिखित शिकायत की है. पुलिस जांच कर रही है.
एक अपराधी ने पहना था हेलमेट, दूसरे ने टोपी
भुक्तभोगी के अनुसार बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा युवक टोपी लगाये था. दोनों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और कुछ ही सेकेंड में फरार हो गये.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पुलिस के अनुसार, पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी है. जांच टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा. दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ी कर दी है.