शादी करने बंगाल से पहुंची प्रेमिका, पर प्रेमी नहीं हुआ तैयार
लोयाबाद.
प्यार में पागल पश्चिम बंगाल के आसनसोल की एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने के लिए रविवार को लोयाबाद पहुंच गयी. युवती ने अपने प्रेमी को फोन कर धनबाद स्टेशन बुलाया, जहां से दोनों बाहर भागना चाहते थे. लेकिन इसकी भनक युवक के परिजनों को लगने के बाद परिजन भागे-भागे धनबाद स्टेशन पहुंचे और दोनों को पकड़ा. इसके बाद युवक व युवती को लोयाबाद ले गये. मामला लोयाबाद थाना पहुंचा. थाना में युवती अपने प्रेमी के साथ रहने पर अड़ गयी, लेकिन उसका प्रेमी तैयार नहीं हुआ. युवती का कहना था कि युवक ने एक माह पूर्व उसकी मांग में सिंदूर डाला था, लेकिन अब वह नहीं मान रहा है. थाना में काफी देर तक युवक व युवती को समझाने के बाद दोनों एक दूसरे से अलग होने का निर्णय लिया. बताया जाता है कि लोयाबाद छह नंबर न्यू काॅलनी के रहने वाले युवक का प्रेम-प्रसंग एक साल से आसनसोल की युवती से चल रहा था. युवती अपने रिश्तेदार के यहां लोयाबाद हमेशा आती-जाती थी. इसी क्रम में दोनों के बीच प्यार हो गया. रविवार को युवती अपने घर से भाग कर प्रेमी से शादी करने लोयाबाद पहुंच गयी.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।