Dhanbad News: धनबाद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत शनिवार को साइबर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विशुनपुर इलाके से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में विशुनपुर निवासी मंटू सिंह, सुशांत कुमार यादव, रोहित कुमार तथा बिट्टू कुमार शामिल हैं. चारों को अलग-अलग स्थान से पकड़ा गया. सरायढेला थाना में चारों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से साइबर अपराध के नेटवर्क से जुड़े थे और तकनीकी माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे. पुलिस सूत्रों के अनुसार हाल ही में पुलिस के एक बड़े अधिकारी के रिश्तेदार के साथ साइबर ठगी हुई थी. उसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली.
एपीके फाइल तैयार कर करते थे सप्लाई
जांच में पता चला कि पकड़े गये आरोपी एपीके फाइल बनाकर साइबर अपराधियों को बेचते थे. एपीके फाइल एंड्रॉयड मोबाइल में इंस्टॉल होने वाले एप्लीकेशन पैकेज होता है. इसका इस्तेमाल लोगों के मोबाइल फोन में सेंध लगाने, बैंकिंग जानकारी चुराने और ऑनलाइन ठगी को अंजाम देने में किया जाता है. पुलिस के अनुसार पकड़े गये आरोपियों ने ही साइबर अपराधियों को एपीके फाइल बना कर बेची थी.
जब्त मोबाइल व लैपटॉप की जांच कर रही पुलिस
साइबर पुलिस ने शनिवार को विशुनपुर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की. इस दौरान चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया. पुलिस उनके से बरामद मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है. आशंका जतायी जा रही है इनके तार राज्य से बाहर सक्रिय साइबर गिरोहों से जुड़े हो सकते हैं. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.
