धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़े आरोपी सागर सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शिबू से बुधवार शाम निरसा के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में पुलिस की मुठभेड़ के बाद जांच तेज कर दी गयी है.
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल शिबू को एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है. अब घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए गुरुवार को फॉरेंसिक टीम निरसा पहुंचेगी. जांच प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित घर को अस्थायी रूप से सील कर पुलिस की निगरानी में रखा गया है.
पुलिस के अनुसार, शिबू 24 अगस्त को जमशेदपुर में व्यवसायी निखार सबलोक की हत्या के मामले में वांछित था और हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में एक सहयोगी के साथ ठहरा हुआ था. सूचना मिलने के बाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर विशेष टीम ने बुधवार शाम आवास की घेराबंदी की.
ये भी पढ़ें: नीरज सिंह केस से निखार सबलोक मर्डर तक, शूटर शिबू की पूरी कहानी; धनबाद में पुलिस से मुठभेड़ में घायल
पुलिस का दावा है कि उनकी गतिविधि की भनक लगने पर शिबू और उसके साथियों ने भागने का प्रयास किया और शिबू ने पुलिस टीम पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी फायरिंग करते हुए फरार हो गये.
फॉरेंसिक टीम जुटायेगी साक्ष्य
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है. गुरुवार को पहुंचने वाली फॉरेंसिक टीम पूरे परिसर की बारीकी से जांच करेगी. मौके से संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित करने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की वैज्ञानिक तरीके से पड़ताल की जायेगी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फॉरेंसिक जांच से मुठभेड़ के घटनाक्रम और मौके पर हुई गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं. जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
हथियारों की तलाश में जंगल में भी छानबीन
इधर, पुलिस शिबू और उसके फरार साथियों के हथियारों की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगातार अभियान चला रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल शिबू की निशानदेही पर हाथबाड़ी जंगल में भी तलाशी ली गयी, जहां से अत्याधुनिक हथियार और कारतूस बरामद किये जाने की बात कही गयी है. बरामद सामग्री की जांच की जा रही है.
पुलिस की टीम फिलहाल हाथबाड़ी में कैंप कर रही है और पूरे इलाके की गतिविधियों पर नजर रख रही है. फरार दोनों साथियों की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है.
धनसार से मिली थी शिबू के धनबाद में होने की कड़ी
पुलिस के अनुसार, धनसार इलाके से पकड़े गये दो युवकों से पूछताछ के दौरान उत्तर प्रदेश के एक अपराधी के धनबाद में होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की. बाद में हाथबाड़ी में अपराधियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर विशेष टीम ने आनंद वाटिका रेजिडेंसी में कार्रवाई की.
ये भी पढ़ें: धनबाद: छाताबाद में जोरदार आवाज के साथ फिर धंसी जमीन, एक घर जमींदोज; दर्जनभर आवास क्षतिग्रस्त
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में धनबाद के एक व्यक्ति की भूमिका की जानकारी भी मिली है, जिसने कथित तौर पर अपराधियों को किसी वारदात के लिए बुलाया था. पुलिस इस व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है.
निखार सबलोक हत्याकांड में भी तलाश थी
24 अगस्त को जमशेदपुर में व्यवसायी निखार सबलोक की हत्या के मामले में शिबू की तलाश की जा रही थी. पुलिस के अनुसार, इस मामले में उसका नाम मुख्य शूटर के रूप में सामने आया था. वहीं, शिबू का नाम पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़े मामले में भी सामने आया था.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निखार सबलोक हत्याकांड के बाद शिबू धनबाद क्यों आया, उसे यहां किसने ठहराया और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे. फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
