प्रतिनिधि, केंदुआ
दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच युवकों से 39 लाख रुपये की ठगी हुई है. शनिवार को छोटा खरिकाबाद दास बस्ती निवासी संजय कुमार दास की शिकायत पर गोंदूडीह ओपी में मामला दर्ज किया गया. संजय ने बस्ती के अप्पू कुमार दास, दिलीप राम, बलियापुर थाना क्षेत्र के आमटाल निवासी सुनील दास, दुर्गापुर निवासी कमल ठाकुर, ए मुखर्जी सहित गिरोह के कई अन्य सदस्यों को आरोपी बनाया है. संजय के अनुसार, मार्च 2023 को उसके पड़ोसी अप्पू कुमार दास ने डीवीसी में नौकरी का अपना फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिखाकर बेरोजगारों को झांसे में ले लिया. उसने उसे व उसके भाई ललन कुमार दास को नौकरी दिलाने के बदले प्रति व्यक्ति आठ लाख रुपये लगने की बात कही. अप्पू ने संजय दास के पिता से मिलकर उनसे कहा कि यदि किसी कारण नौकरी नहीं लगी, तो पूरी रकम वापस कर देगा.एक सप्ताह बाद अप्पू दास ने उसे फोन कर दुर्गापुर ले जाकर अपने साहब कमल ठाकुर से मिलवाने की बात कही. कहा कि उनके साथ सुनील दास व दिलीप राम भी काम करते हैं. उसने सीट बुक कराने के लिए भाई के ओरिजनल कागजात के साथ चार लाख रुपये लेकर दुर्गापुर चलने की बात कही. दूसरे दिन दुर्गापुर ले जाकर अप्पू दास ने सिटी सेंटर में कमल ठाकुर से मिलवाया. कमल ने कागजात जांच में भेजने व तय रकम से सीट बुक होने की बात कही. कुछ दिनों बाद अप्पू दास के ई-मेल आइडी से ज्वाइनिंग प्रोसेस का मेल आया. कुछ घंटे के बाद संजय व उसके भाई ललन के ई-मेल आइडी पर मेल भेज मेडिकल के लिए दो मई 2023 को दुर्गापुर बुलाया गया. तय तिथि को दोनों दुर्गापुर पहुंचे. अप्पू दास को फोन करने पर उसने कमल ठाकुर का मोबाइल नंबर देकर बात करने को कहा. कमल ने उन्हें डीवीसी मोड़ पहुंचने को कहा. वहां स्विफ्ट कार से आये कमल ठाकुर ने दोनों भाई को दुर्गापुर स्थित विवेकानंद अस्पताल ले जाकर अस्पताल में ब्लड व यूरीन का सैंपल दिलवाया. इसके बाद कमल ठाकुर ने मेडिकल होने की बात कह एक-दो दिनों में मेडिकल रिपोर्ट (फिट ) होने का मेल भेजे जाने की बात कह घर जाने को कहा.
अप्पू दास ने किस्तों में लिये पैसे :
घर आने पर अप्पू दास उसके घर पहुंचा और कहा कि ऑफिस से फोन आया था कि पैसा नहीं भेजने पर मेडिकल का काम रुक जायेगा. इसके बाद अप्पू दास के फेडरल बैंक के खाते में तीन लाख रुपये 11 मई 2023 को डाला गया. 15 मई को मेडिकली फिट होने का मेल दोनों भाइयों को मिला. 30 मई को ऐश पॉन्ड मेंटेनेंस यूनिट में दो जून को ज्वाइन करने व पुनः 31 मई को ज्वाइनिंग का मेल आया. इसके बाद अप्पू दास ने कहा : सारा तय रकम दोगे, तभी ज्वाइनिंग होगी. अप्पू दास ने शंभू दास नामक व्यक्ति के खाते में बकाया पैसा भेजने को कहा. इसके बाद पांच जून को एक लाख, छह जून को एक लाख, नौ जून को 990,50 रुपये, 12 जून को 50 हजार व 4970 रुपये, 17 जून को 75 हजार, 18 जून को 25 हजार व तीन जुलाई को 95 हजार ऑनलाइन माध्यम से भेजा. 14 जुलाई को मेल आया. इसमें 17 जुलाई को ज्वाइन की बात लिखी थी.ज्वाइनिंग के नाम पर ट्रेनिंग की बात कह टहलाने लगे :
बाद में फोन पर कमल ठाकुर ने दोनों भाइयों से कहा कि उनको ज्वाइन करने की अभी जरूरत नहीं है. ऑफिस में सब मैनेज कर दिया गया है. आपकी ट्रेनिंग शुरू हो गयी है. छह महीना बाद आपकी पोस्टिंग हो जायेगी. ट्रेनिंग में आपको सिर्फ प्रोजेक्ट बनाना है, जो मैं आपको भेज दूंगा. आप उसी तरह से भेजिएगा, जैसा मैं भेजूंगा. ट्रेनिंग के एक महीना बाद पेमेंट को लेकर कमल ठाकुर व अप्पू दास को फोन करने पर दोनों ने पेमेंट जल्द आने का आश्वासन दिया. 30 सितंबर 2023 को कमल ठाकुर ने व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर कहा कि दो दिनों में सब काम हो जायेगा. कुछ दिन इंतजार करने के बाद पेमेंट नहीं मिलने पर कमल ठाकुर को फोन किया. इसके बाद उसका मोबाइल फोन ऑफ बताने लगा. अप्पू दास को फोन किया, तो अप्पू ने कहा कि सब हो जायेगा. इसके कुछ दिनों बाद भी पेमेंट नहीं मिला, तो अप्पू के घर गया तो पता चला कि बस्ती के ही महेश कुमार दास, टिंकू कुमार दास व निशांत कुमार दास खास कुसुंडा को भी डीवीसी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सभी से आठ-आठ लाख रुपये की ठगी हुई है. शिकायतकर्ता संजय के अनुसार, सभी पीड़ितों को किसी से कुछ नहीं बताने की बात कह अप्पू दास ने एक ही तरीके से ठगी का शिकार बनाया. सभी लोगों का ओरिजनल कागजात ले लेने का आरोप लगाया है. पैसे के लिए अप्पू दास पर दबाव बनाने पर उसने कमल ठाकुर द्वारा अप्पू दास के फेडरल बैंक अकाउंट में छह लाख रुपये भेजने का मैसेज व्हाट्सऐप पर भेज 24 घंटे में क्रेडिट होने की बात कही. बैंक जाकर मैसेज चेक करवाने पर मैसेज फर्जी मिला. आरोप है कि अब अप्पू से पैसा मांगने पर वह व उसके सहयोगी रास्ता रोककर जान मारने की धमकी देते हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
