Dhanbad News: ओपीडी में चिकित्सीय परामर्श से पहले चुकाने होंगे पांच रुपये

Dhanbad News: सदर अस्पताल में शनिवार से नयी व्यवस्था की गयी लागू

Dhanbad News: धनबाद सदर अस्पताल के ओपीडी में शनिवार से नि:शुल्क इलाज सेवा बंद कर दी गयी है. अस्पताल में इलाज कराने आने वाले सामान्य मरीजों को अब पांच रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा. यह व्यवस्था शनिवार से लागू कर दी गयी है. नयी व्यवस्था से मरीजों की संख्या, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जैसी सेवाएं सुव्यवस्थित करने में मदद मिलेगी.

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार रजिस्ट्रेशन शुल्क से मरीजों का पूरा रिकॉर्ड डिजिटली अपडेट रखने और विभागीय मॉनिटरिंग में आसानी होगी. पहले की तरह दवा, जांच और उपचार सरकारी योजनाओं के तहत मुफ्त रहेंगे. शुल्क के रूप में राशि आने से अस्पताल के रख-रखाव और प्रशासनिक कार्यों में मदद मिलेगी. वहीं गर्भवती महिलाओं को रजिस्ट्रेशन शुल्क से बाहर रखा गया है. उन्हें शुल्क नहीं देना होगा. इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़ी सभी मुफ्त सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी.

पैथोलॉजी जांच के लिए शुल्क लेने की तैयारी :

सदर अस्पताल में पैथोलॉजी जांच के लिए भी मरीजों से शुल्क लेने की तैयारी है. रांची रिम्स की तर्ज पर यह नयी व्यवस्था धनबाद में लागू करने की तैयारी की जा रही है. बता दें कि अब तक सदर अस्पताल में सभी तरह की पैथोलॉजी जांच नि:शुल्क की जाती है, लेकिन बढ़ती लागत और उपकरणों के रखरखाव को देखते हुए नाममात्र शुल्क लिये जाने का निर्णय लिया गया है. इससे मरीजों को बेहतर और समय पर जांच सुविधा मिल सकेगी. वहीं अस्पताल को भी जांच उपकरणों के रखरखाव और नयी मशीनों की खरीद में सहायता मिलेगी. ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट, शुगर टेस्ट, थायराइड, हीमोग्लोबिन और अन्य जांचों के लिए मामूली राशि वसूली जा सकती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >