धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर रविवार को पिकअप वैन की चपेट में आने से वृद्ध महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार महुदा थाना क्षेत्र के लालबंगला के पास की यह घटना है.
पिकअप वैन में बाबा धाम देवघर से लौट रहे कांवरियों का जत्था मौजूद था. घटना के बाद महुदा पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
वैन पलटने से बची लोगों की जान
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से टकराई. इसमें टोटो और मारुति वैन शामिल है. इसके बाद अपने घर के पास खड़ी हाज़रा खातून (69) को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि वैन पलटने से बाकी लोगों की जान बच गयी.
घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व मंत्री
घटना के बाद पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो स्थल पर पहुंचे और जानकारी लेकर परिजनों को ढाढस बंधाया. सूचना पाकर महूदा पुलिस व कपुरिया ओपी प्रभारी अमृता खलको भी मौके पर पहुंची और चालक सहित पिकअप को जब्त कर थाना ले गयी.
चालक मनीष कुमार गिरी ने बताया कि वह बाबाधाम देवघर से सवारी लेकर सेन्हा (लोहरदगा) लौट रहा था. अचानक सामने एक गाय को बचाने में यह घटना घटी.
इधर, कपुरिया ओपी प्रभारी अमृता खलको के सहयोग से शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. मृत महिला के पति रोहुप अंसारी अपनी बेटी से मिलने कोलकाता गये हुए हैं. उनके चार बेटे व दो बेटिया हैं.
