धनबाद. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मेमको मोड़ के पास 8 लेन किनारे स्थित आदिवासियों के धार्मिक स्थल जाहेर थान में शराब पीकर गंदगी फैलाने का मामला सामने आया है. आदिवासी समाज के लोगों ने स्ट्रीट लाइट की मरम्मत करने आये युवकों पर धार्मिक स्थल को गंदा करने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि युवकों ने जाहेर थान परिसर में शराब पी और गंदगी फैलायी.
इसी दौरान वहां से गुजर रहे सुसनीलेवा निवासी दीप हेंब्रम की नजर इस पर पड़ी. दीप ने इसका विरोध किया. आरोप है कि विरोध करने पर लाइट मरम्मत करने आये युवकों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर कहीं ले जाने का प्रयास किया.
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी भागे
दीप हेंब्रम के हो-हल्ला करने पर सुसनीलेवा के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गये. ग्रामीणों के पहुंचते ही आरोपी युवक वहां से भाग निकले. घटना की जानकारी मिलते ही आदिवासी समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया.
ये भी पढ़ें: धनबाद के चर्चित रंजय हत्याकांड में कोर्ट कल सुनाएगी फैसला, हर्ष सिंह को सशरीर उपस्थित रहने का निर्देश
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मेमको मोड़ के पास 8 लेन के सर्विस रोड को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया. साथ ही मेमको मोड़ स्थित शराब दुकान को बंद कराने की भी मांग रखी.
दो घंटे तक जाम रहा सर्विस रोड
सड़क जाम की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. पुलिस ने लोगों से लिखित आवेदन देने को कहा और आश्वासन दिया कि आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम समाप्त किया. इस दौरान करीब दो घंटे तक 8 लेन का सर्विस रोड बाधित रहा. घटना को लेकर आदिवासी समाज के लोगों में नाराजगी बनी हुई है.