वरीय संवाददाता, धनबाद,
भूली थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडरपाला अंसार नगर में एक बेटे ने अपनी मां को पटक-पटक कर लहूलुहान कर दिया. मां के सिर में गंभीर चोट आयी है. उसे एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है. घटना मंगलवार की दोपहर तीन बजे की है. बताया जाता है कि पांडरपाला अंसार नगर निवासी शमा परवीन (50) घर पर अकेली थी. उनका मंझला बेटा मो विक्की नशे का आदी है. इस कारण परिवार वाले उसे बांध कर रखते हैं. मंगलवार को परिवार के सदस्य बाहर गये हुए थे. इसी का फायदा उठाकर विक्की ने आपनी मां को पकड़ लिया. विरोध करने पर मारपीट करने लगा. बाद में मां के सिर को जमीन पर पटकने लगा. उसने कई बार मां के सिर को जमीन पर जोर-जोर से पटका. इससे शमा परवीन का सिर बुरी तरह फट गया और वह बेहोश हो गयी. परिवार वाले घर पहुंचने पर इसकी जानकारी हुई. परिवार वालों ने पहले शमा परवीन को नया बाजार स्थित एक अस्पताल ले गये. जहां से उसे एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया.इससे पहले भी परिजनों पर कर चुका है हमला :
मो विक्की के छोटे भाई सन्नी ने बताया कि भाई नशे की हालत में पहले भी परिवार के कई सदस्यों पर जानलेवा हमला कर चुका है. उसे नशा करने से रोकने के लिए बांधकर रखा जाता है. कुछ दिनों पूर्व घर का छप्पड़ तोड़कर भाग गया था. बाद में मोहल्ले वालों की मदद से उसे पकड़कर घर के एक कमरे में रखा गया. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
