Dhanbad News: 22 को उपायुक्त करेंगे जिला स्तरीय शुल्क निर्धारण कमेटी की बैठक

निजी स्कूलों में री-एडमिशन फीस और महंगी किताबों को लेकर लगातार मिल रही है शिकायत

धनबाद के निजी स्कूलों में री-एडमिशन फीस और महंगी पाठ्य पुस्तकों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय शुल्क निर्धारण समिति की बैठक बुलाई है. झारखंड अभिभावक महासंघ और अन्य संगठनों की ओर से लगातार इसकी मांग की जा रही थी. यह बैठक 22 अप्रैल को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में होगी. इसे लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय की ओर से नोटिस जारी किया गया है. इसके अनुसार बैठक में धनबाद व गिरिडीह लोकसभा के सांसद, धनबाद, झरिया, बाघमारा, निरसा और सिंदरी के विधायक शामिल होंगे. वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सेंट जेवियर्स (प्लस टू) के प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह, दिल्ली पब्लिक स्कूल, कार्मिक नगर की प्राचार्या डॉ सरिता सिन्हा, राजकमल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आचार्य सुमंत कुमार मिश्रा भी मौजूद रहेंगे. अभिभावक प्रतिनिधि के रूप में संतोष कुमार सिंह, मनोज कुमार शर्मा समेत अन्य सदस्यों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है.

सभी स्कूलों के साथ अलग से होगी बैठक

जिला स्तरीय शुल्क निर्धारण कमेटी की बैठक के बाद धनबाद के सभी निजी स्कूलों के प्राचार्य, प्रधानाचार्य और सचिवों के साथ अलग से जिला प्रशासन की बैठक होगी. इसे लेकर भी जिला शिक्षा अधीक्षक की ओर से सभी स्कूलों को नोटिस भेजकर सभी को अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. यह बैठक 22 अप्रैल को शाम चार बजे समाहरणालय सभागार में होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashok kumar

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >