धनबाद से विक्की प्रसाद की रिपोर्ट
Dhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में रविवार को इलाज के लिए पहुंचे एक मानसिक रोगी ने अचानक आक्रामक होकर जमकर हंगामा किया. मरीज के उग्र व्यवहार से अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्वास्थ्यकर्मियों और परिजनों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस की मदद लेनी पड़ी.
इलाज के दौरान युवक का अस्पताल में हंगामा
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी रत्नाकर सरकार अपने 17 वर्षीय बेटे को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच लेकर पहुंचे थे. अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक जांच और उपचार की प्रक्रिया शुरू की गई. इसी दौरान युवक अचानक आक्रामक हो गया और माइनर ओटी में रखे सामान को इधर-उधर फेंकने लगा. उसके व्यवहार से वहां मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत फैल गई.
पुलिस ने युवक को किया काबू, कांके रेफर
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों ने काफी प्रयास किया, लेकिन युवक लगातार उग्र बना रहा. इसके बाद सरायढेला पुलिस चौकी को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित तरीके से काबू में किया. चिकित्सकों ने युवक की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर और विशेषज्ञ उपचार के लिए रांची स्थित कांके मानसिक आरोग्य संस्थान रेफर करने की सलाह दी. इसके बाद परिजन उसे तत्काल रांची लेकर रवाना हो गए.
यह भी पढ़ें: आईजीएसटी सेटलमेंट के बाद झारखंड को मिले 797 करोड़ रुपये, पिछले साल के मुकाबले 6% बढ़ोतरी
यह भी पढ़ें: झारखंड को हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे, रांची में बोले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
यह भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, दो भट्ठियां ध्वस्त, 700 किलो जावा-महुआ नष्ट
