बरोरा से प्रहलाद बरनवाल की रिपोर्ट
Dhanbad News: धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र के जमुआटांड़-हरिणा मार्ग पर गुरुवार रात हाइवा और कार की टक्कर में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में शामिल निचितपुर पंचायत-दो के खोनाठी बस्ती निवासी विनोद महतो के बेटे सौरभ कुमार की इलाज के ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई. दूसरे घायल युवक की पहचान हरिणा कॉलोनी निवासी और बीसीसीएल ब्लॉक-दो के सेफ्टी अधिकारी नवीन सिंह के बेटे निशांत सिंह के रूप में हुई है.
टक्कर के बाद हाइवा चालक वाहन समेत फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब नौ बजे एक हाइवा ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
पुलिस मौके पर पहुंची
स्थानीय लोगों की सूचना पर बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को डुमरा स्थित बीसीसीएल अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एक घायल को धनबाद और दूसरे को बोकारो रेफर कर दिया. धनबाद ले जाने के दौरान सौरभ कुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
बाइक सवार भी हुआ घायल
इधर घटना के दौरान अनियंत्रित होकर एक बाइक सवार माथाबांध निवासी अमित चौहान आंशिक रुप से घायल हो गया. उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छोड़ दिया गया.
पुलिस जांच में जुटी, लोगों ने किया सड़क जाम
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है. फरार हाइवा और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है. घटना से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने हरिणा में सड़क जाम कर दिया है.
यह भी पढ़ें: परिमल नाथवानी का पर्चा वैध, कांग्रेसी मंत्रियों के विरोध के बाद दिल्ली में डेरा जमाएंगे विधायक
यह भी पढ़ें: गुमला-सिमडेगा सीमा पर भीषण सड़क हादसा, तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत
यह भी पढ़ें: प्रशासन के आदेश को ठेंगा, भारी वाहनों की आवाजाही से पतरातू में रोज लग रहा जाम
