Dhanbad: भाजपा के नेता व कार्यकर्ता भले ही सांसद ढुल्लू महतो के दो वर्ष के कार्यकाल के पूरा होने पर मिठाई बांट कर खुशी का इजहार कर रहे हैं, लेकिन निरसा विधानसभा क्षेत्र की जनता कुमारधुबी रेल स्टेशन पर धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर तरस रही है. कुछ माह पूर्व भाजपा के स्थानीय नेता स्टेशन पर जमा होकर जल्द ही इस ट्रेन के ठहराव की बात का भरोसा यात्रियों को दिया था. भाजपा के कुछ नेता धनबाद सांसद ढुलू महतो के साथ दिल्ली भी गए, रेल मंत्री से मिले भी और जनता को आश्वस्त किया कि जल्द ही ठहराव की घोषणा होगी.
बंगाल के कुल्टी स्टेशन पर हुआ ठहराव
फिर भी कुमारधुबी स्टेशन पर ठहराव की घोषणा तो नहीं हुई, लेकिन बंगाल के कुल्टी स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी गई. धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग ट्रेन के शुरुआती समय से ही यहां के लोग करते आ रहे हैं. भाजपा के तीन बार के सांसद पीएन सिंह ने भी प्रयास किया, लेकिन ठहराव नहीं मिला. दो वर्ष से वर्तमान सांसद से भी लोग ठहराव की मांग कर रहे हैं और चुनाव के समय तो यह मांग इस क्षेत्र की प्रमुख मांग में से एक रहा. इसके बावजूद यहां के लोगों की मांग पूरी नहीं हुई.
फिर रेल मंत्री से मिलेंगे सांसद ढुल्लू महतो
कुल्टी में ठहराव के बाद यह चर्चा जोरों पर रही कि कुल्टी विधायक, धनबाद सांसद पर भारी पड़े और अपने यहां ठहराव करवा लिया. सच्चाई भी यही है. संयोगवश सांसद ढुलू महतो शुक्रवार को चिरकुंडा क्षेत्र में आए हुए थे और पत्रकारों ने यह सवाल गंभीरता से उनके समक्ष रखा तो उनका जबाव था कि यहां से एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली चले, रेल मंत्री से मिलकर मांग रखेंगे और जल्द ही ठहराव मिल जाएगा.
ये भी पढ़ें…
धनबाद: एसआईआर में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, बाघमारा में 70 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी
Dhanbad News : ब्लास्टिंग से घरों में गिरे पत्थर, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
